उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़
विश्व पर्यावरण दिवस पर आयुक्त कार्यालय बस्ती में हुआ पौधरोपण, मण्डलायुक्त ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 05 जून 2026। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयुक्त कार्यालय, बस्ती मण्डल परिसर में “एक पेड़ माँ के नाम” थीम के अंतर्गत पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मण्डलायुक्त अखिलेश सिंह ने पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर अपर आयुक्त (न्यायिक) सुरेन्द्र प्रसाद यादव, संयुक्त विकास आयुक्त निर्मल कुमार द्विवेदी तथा डीएफओ डॉ. शिरीन ने भी पौधरोपण किया। कार्यक्रम के दौरान मण्डलायुक्त ने कहा कि हरियाली ही भविष्य की सुरक्षा का आधार है और पौधरोपण अभियान को सफल बनाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा लगाए गए पौधों की अगले 5 से 6 वर्षों तक विशेष सुरक्षा और देखभाल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वृक्ष पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के साथ-साथ स्वच्छ वायु, जल संरक्षण और जैव विविधता के संवर्धन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
मण्डलायुक्त ने नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए निरंतर चलने वाला जन आंदोलन है।
कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारी संतोष पाण्डेय, न्याय सहायक रमेश चन्द्र कन्नौजिया, वैयक्तिक सहायक बजरंग बली पाण्डेय, नाजिर अनुपम चौधरी सहित शैलेश श्रीवास्तव, जितेन्द्र कुमार श्रीवास्तव, शलभ श्रीवास्तव, आलोक सिंह, संदीप यादव, पवन यादव, संजय कुमार, शमीम अहमद, सौरभ कुमार और सुहैल अहमद समेत अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Subscribe to my channel


