देशबालोतराब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान
पर्यावरण संरक्षण के लिए आगे आएं नागरिक, अधिक से अधिक करें पौधारोपण : वीर ओम प्रकाश बांठिया

ब्यूरो चीफ सन्तोष कुमार गर्ग
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर महावीर इंटरनेशनल के पूर्व अंतरराष्ट्रीय उपाध्यक्ष वीर ओम प्रकाश बांठिया ने महावीर इंटरनेशनल सहित सभी सामाजिक संगठनों एवं नागरिकों से पर्यावरण संरक्षण के लिए अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया है।
उन्होंने कहा कि “पर्यावरण की सुरक्षा ही हमारे जीवन की सुरक्षा है”। वर्तमान समय में बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों को देखते हुए प्रत्येक नागरिक को अधिक से अधिक पौधारोपण करने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि घरों, फैक्ट्रियों, आवासीय परिसरों, विद्यालयों, सार्वजनिक स्थलों तथा उपलब्ध खुली भूमि पर पौधे लगाकर उनके संरक्षण और संवर्धन की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए।
बांठिया ने कहा कि परिवार में जन्मदिवस, विवाह वर्षगांठ एवं अन्य शुभ अवसरों पर एक पौधा लगाने की परंपरा विकसित की जानी चाहिए। इससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित किया जा सकेगा।
उन्होंने नागरिकों से पॉलिथीन का उपयोग बंद करने और कपड़े की थैलियों को अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि पॉलिथीन मुक्त अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देकर प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सकता है।
वीर ओम प्रकाश बांठिया ने पर्यावरण संरक्षण के लिए एयर कंडीशनर एवं अन्य विद्युत उपकरणों के अनावश्यक उपयोग को कम करने की भी सलाह दी। उन्होंने कहा कि ऊर्जा की बचत से पर्यावरण प्रदूषण को कम करने में महत्वपूर्ण योगदान मिल सकता है।
उन्होंने प्रधानमंत्री के “सबका साथ, सबका विकास” के आह्वान का उल्लेख करते हुए कहा कि राष्ट्रहित में पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से सफल बनाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने सभी नागरिकों से विश्व पर्यावरण दिवस पर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।

Subscribe to my channel


