उत्तर प्रदेशब्रेकिंग न्यूज़शिक्षास्वास्थ्य
जिला कारागार बलरामपुर में चार दिवसीय योग शिविर का समापन, 100 से अधिक बंदियों ने किया योगाभ्यास

बस्ती से वेदान्त सिंह
बलरामपुर। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के काउंटडाउन कार्यक्रम के 19वें दिन जिला कारागार बलरामपुर में आयोजित चार दिवसीय योग शिविर का समापन किया गया। यह शिविर इंटरनेशनल नेचुरोपैथी ऑर्गनाइजेशन, इंडियन योगा एसोसिएशन, इंडियन योगा फेडरेशन, नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ हॉलिस्टिक हेल्थ एवं योग स्पोर्ट फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुआ।
योग शिविर में योग गुरु डॉ. वीरेन्द्र विक्रम सिंह, अवकाश प्राप्त अधिकारी भारतीय स्टेट बैंक, ने योग प्रोटोकॉल के अनुसार जेल में निरुद्ध कैदियों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया। कार्यक्रम की शुरुआत यौगिक सूक्ष्म क्रियाओं से हुई, जिसमें ग्रीवा चालन, स्कंध चालन, कटि चालन और जानू चालन का अभ्यास कराया गया।
इसके बाद खड़े होकर किए जाने वाले योगासनों में ताड़ासन, वृक्षासन, त्रिकोणासन, पादहस्तासन और अर्धचक्रासन का अभ्यास कराया गया। वहीं बैठकर किए जाने वाले आसनों में भद्रासन, वज्रासन, अर्ध उष्ट्रासन, पूर्ण उष्ट्रासन, शशांकासन और वक्रासन शामिल रहे। साथ ही कपालभाति, अनुलोम-विलोम, शीतली एवं भ्रामरी प्राणायाम का भी अभ्यास कराया गया।
योग शिविर के सफल आयोजन में जिला कारागार अधीक्षक (प्रभारी) शैलेश कुमार सिंह सोनकर का विशेष योगदान रहा। उन्होंने कैदियों को योग के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी तथा नियमित योगाभ्यास अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में डिप्टी जेलर राम प्रवेश, अभय कुमार यादव, सोमनाथ पाण्डेय एवं रण विजय सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे। शिविर में जिला कारागार के 100 से अधिक बंदियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
चार दिवसीय योग शिविर का समापन शांति पाठ के साथ संपन्न हुआ। आयोजकों ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर समाज के विभिन्न वर्गों को योग से जोड़ने के लिए ऐसे कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जा रहे हैं।

Subscribe to my channel


