बालोतराब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान

वन्दे गंगा जल संरक्षण जन अभियान 2026 के तहत पत्रकारों के साथ राउंड द टेबल कार्यक्रम आयोजित

अतिरिक्त जिला कलक्टर भुवनेश्वर सिंह चौहान ने कहा— जनभागीदारी और सकारात्मक पत्रकारिता से ही जल संरक्षण आंदोलन बनेगा जन अभियान

ब्यूरो चीफ सन्तोष कुमार गर्ग

 

बालोतरा, 3 जून। वन्दे गंगा जल संरक्षण जन अभियान 2026 के अंतर्गत बुधवार को पंचायत समिति बालोतरा के सभागार में स्थानीय पत्रकारों के साथ राउंड द टेबल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अतिरिक्त जिला कलक्टर भुवनेश्वर सिंह चौहान ने की। इस अवसर पर जल संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन तथा जनजागरूकता गतिविधियों में मीडिया की भूमिका पर विस्तृत चर्चा की गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अतिरिक्त जिला कलक्टर भुवनेश्वर सिंह चौहान ने कहा कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में पत्रकारिता समाज और प्रशासन के बीच एक सशक्त सेतु का कार्य करती है। पत्रकार न केवल सरकार की योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों को आमजन तक पहुंचाते हैं, बल्कि समाज की समस्याओं, आवश्यकताओं और सुझावों को भी प्रशासन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाते हैं। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषय को जन आंदोलन का स्वरूप देने में मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि राजस्थान जैसे जल संकट प्रभावित प्रदेश में प्रत्येक बूंद का महत्व है। वर्तमान समय में जल संरक्षण केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं बल्कि सामाजिक दायित्व बन चुका है। यदि आज हम जल बचाने के लिए गंभीर प्रयास नहीं करेंगे तो आने वाली पीढ़ियों को गंभीर चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है। इसी उद्देश्य से राज्य सरकार द्वारा वन्दे गंगा जल संरक्षण जन अभियान का संचालन किया जा रहा है, जिसके माध्यम से जल स्रोतों के संरक्षण, वर्षा जल संचयन, जल बचत एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति व्यापक जनजागरूकता पैदा की जा रही है।

अतिरिक्त जिला कलक्टर ने पत्रकारों से आह्वान किया कि वे जल संरक्षण से जुड़े सकारात्मक प्रयासों, नवाचारों, सफल उदाहरणों और प्रेरणादायी कहानियों को प्रमुखता से प्रकाशित करें ताकि समाज में जागरूकता का वातावरण तैयार हो सके। उन्होंने कहा कि गांवों और शहरों में ऐसे अनेक व्यक्ति, संस्थाएं एवं स्वयंसेवी संगठन कार्य कर रहे हैं जो जल संरक्षण की दिशा में उत्कृष्ट प्रयास कर रहे हैं। मीडिया इन प्रयासों को सामने लाकर अन्य लोगों को भी प्रेरित कर सकता है।

उन्होंने कहा कि प्रशासन सदैव नवाचारों और जनहित के सुझावों का स्वागत करता है। पत्रकारों के पास जमीनी स्तर की जानकारी होती है, इसलिए वे विकास कार्यों, जल संरक्षण गतिविधियों और जनसुविधाओं से जुड़े रचनात्मक सुझाव प्रशासन के समक्ष रखें, जिससे आमजन को अधिक राहत पहुंचाई जा सके। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि पत्रकार समाज हित से जुड़े अभियानों में आगे भी सक्रिय सहभागिता निभाते हुए जनजागरूकता को नई दिशा देंगे।

इस अवसर पर जलग्रहण एवं भू-संरक्षण विभाग के अधीक्षण अभियंता घनश्याम सिंह राठौड़ ने वन्दे गंगा जल संरक्षण जन अभियान 2026 के तहत जिले में अब तक आयोजित विभिन्न गतिविधियों, श्रमदान कार्यक्रमों, जल स्रोतों की सफाई, पौधरोपण, जनजागरूकता रैलियों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों तथा अन्य नवाचारों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। उन्होंने अभियान की आगामी कार्ययोजना से भी पत्रकारों को अवगत कराया।

कार्यक्रम के दौरान अतिरिक्त जिला कलक्टर भुवनेश्वर सिंह चौहान ने वन्दे गंगा जल संरक्षण जन अभियान 2026 के कैलेंडर का विमोचन किया। पत्रकारों ने भी अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए अपने सुझाव प्रस्तुत किए तथा जल संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने में सहयोग का विश्वास दिलाया।

कार्यक्रम के अंत में अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी हीराराम कलबी ने उपस्थित सभी पत्रकारों को जल संरक्षण की शपथ दिलाई तथा जल बचाने एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर सहायक जनसंपर्क अधिकारी नरेंद्र कुमार, जलग्रहण एवं भू-संरक्षण विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा जिले के विभिन्न समाचार पत्रों एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पत्रकार उपस्थित रहे।

Santosh Kumar Garg

Beauro Chief Balotra Rajasthan

Santosh Kumar Garg

Beauro Chief Balotra Rajasthan

Related Articles

Back to top button