खैरथल- तिजाराब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान

जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में स्वास्थ्य योजनाओं की समीक्षा, समयबद्ध क्रियान्वयन के दिए निर्देश

ब्यूरो चीफ मुकेश कुमार शर्मा

 

खैरथल-तिजारा, 2 जून। जिला कलेक्टर अतुल प्रकाश की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला कलेक्टर सभागार, खैरथल में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा करते हुए जिला कलेक्टर ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।

बैठक में जिला कलेक्टर ने चिकित्सा संस्थानों में चल रहे भवन निर्माण कार्यों का नियमित निरीक्षण करने तथा निर्माण में गुणवत्तापूर्ण सामग्री के उपयोग की सुनिश्चितता के निर्देश संबंधित बीसीएमओ एवं चिकित्सा संस्थान प्रभारियों को दिए। उन्होंने सभी स्वास्थ्य योजनाओं एवं कार्यक्रमों की साप्ताहिक समीक्षा कर प्रभावी मॉनिटरिंग करने पर जोर दिया ताकि योजनाओं का लाभ समय पर आमजन तक पहुंच सके तथा लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण हो।

भीषण गर्मी एवं लू-तापघात की स्थिति को देखते हुए जिला कलेक्टर ने सभी चिकित्सा संस्थानों में पर्याप्त बेड आरक्षित रखने, आवश्यक दवाओं एवं चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा सीएचओ एवं एएनएम के माध्यम से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए।

बैठक में 100 दिवसीय टीबी मुक्त अभियान की समीक्षा करते हुए बताया गया कि केंद्र सरकार द्वारा उपलब्ध कराई गई एक्स-रे मशीनों के माध्यम से चिन्हित हाई रिस्क ग्रामों में आयुष्मान आरोग्य शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों में 14 वर्ष से अधिक आयु के व्यक्तियों की स्क्रीनिंग, चेस्ट एक्स-रे एवं संभावित रोगियों की जांच की जा रही है। जिला कलेक्टर ने अभियान को सफल बनाने के लिए जनप्रतिनिधियों एवं पंचायती राज संस्थाओं के साथ समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने लाडो प्रोत्साहन योजना के लंबित प्रकरणों का दो सप्ताह में निस्तारण कर पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित करने तथा मुख्यमंत्री आयुष्मान कार्ड वितरण अभियान के तहत प्राप्त सभी कार्डों का 10 दिवस में वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

एनपी-एनसीडी कार्यक्रम के अंतर्गत 30 से 65 वर्ष आयु वर्ग के नागरिकों की ब्लड प्रेशर, शुगर एवं कैंसर सहित अन्य गैर-संचारी रोगों की जांच लक्ष्य के अनुरूप करने के निर्देश दिए गए। वहीं मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए विशेष सर्वे दल गठित कर घर-घर सर्वे, एंटी लार्वा गतिविधियां, प्रभावी मॉनिटरिंग एवं रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने को कहा गया।

जिला कलेक्टर ने प्रत्येक बुखार रोगी की ब्लड स्लाइड जांच कराने, गांव-ढाणी एवं वार्ड स्तर पर घर-घर सर्वे करने तथा एक्टिव एवं पैसिव ब्लड स्लाइड संग्रहण के निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। मुख्यमंत्री निशुल्क निरोगी राजस्थान योजना के अंतर्गत चिकित्सा संस्थानों के दवा वितरण केंद्रों की प्रतिदिन सघन जांच करने तथा मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।

आरसीएच गतिविधियों की समीक्षा के दौरान जिला कलेक्टर ने गर्भवती महिलाओं का समय पर पंजीकरण, नियमित प्रसव पूर्व जांच (एएनसी), संस्थागत प्रसव, मिसिंग टीकाकरण तथा एचबीएनसी गतिविधियों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि गर्भवती महिलाओं की बैंक खाता संबंधी जानकारी समय पर अपडेट की जाए ताकि उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ एवं भुगतान समय पर प्राप्त हो सके। साथ ही सरकारी अस्पतालों में अधिक से अधिक संस्थागत प्रसव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में बच्चों के शत-प्रतिशत एवं समयबद्ध टीकाकरण, टीबी रोगियों को गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने तथा उनके बैंक खातों का सत्यापन कर योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाने पर भी विशेष जोर दिया गया।

इसके अतिरिक्त एनक्यूएएस एवं परिवार कल्याण कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए जिला कलेक्टर ने सभी निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अरविंद गेट, डॉ. पूरणमल मीणा, डॉ. रुपेश चौधरी, डॉ. सुवालाल, समस्त बीसीएमओ, प्रमुख चिकित्सा अधिकारी, चिकित्सा संस्थान प्रभारी, डीपीएमयू यूनिट एवं ब्लॉक कार्यक्रम अधिकारी उपस्थित रहे।

Viyasmani Tripaathi

Cheif editor Mobile no 9795441508/7905219162

Related Articles

Back to top button