बालोतराब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान

बालोतरा में जलदाय विभाग की लापरवाही से पानी की बर्बादी, नई पाइपलाइन शुरू नहीं होने से लोग परेशान

ब्यूरो चीफ सन्तोष कुमार गर्ग

 

बालोतरा। शहर में जलापूर्ति व्यवस्था को लेकर लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। एक ओर जहां पुरानी पाइपलाइन में लगातार लीकेज के कारण प्रतिदिन हजारों लीटर पेयजल सड़क पर बहकर बर्बाद हो रहा है, वहीं दूसरी ओर करोड़ों रुपये की लागत से बिछाई गई नई पाइपलाइन टेस्टिंग के बाद भी शुरू नहीं की गई है। इससे कई मोहल्लों के लोगों को पानी के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

पुरानी पाइपलाइन में कई जगह लीकेज

स्थानीय लोगों के अनुसार पानी की टंकी के पास भांडियावास रोड पर पुरानी पाइपलाइन में 4 से 5 स्थानों पर लीकेज है। इन लीकेज से लगातार पानी बह रहा है, जिससे न केवल पेयजल की भारी बर्बादी हो रही है बल्कि सड़क भी क्षतिग्रस्त हो रही है। लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद जलदाय विभाग (PHED) के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचकर समस्या का समाधान नहीं कर रहे हैं।

नई पाइपलाइन बनने के बाद भी नहीं मिल रहा लाभ

क्षेत्रवासियों का कहना है कि RUDIP परियोजना के तहत करीब दो वर्ष पहले नई पाइपलाइन बिछा दी गई थी। लगभग चार महीने पहले इसकी टेस्टिंग भी पूरी कर ली गई थी और परीक्षण के दौरान करीब 15 मिनट तक पानी की सप्लाई भी दी गई थी। इसके बाद से आज तक नई लाइन से नियमित जलापूर्ति शुरू नहीं की गई है।

पानी के लिए परेशान हैं लोग

नई पाइपलाइन शुरू नहीं होने और पुरानी लाइन की खराब स्थिति के कारण कई परिवारों को पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है। गर्मी के मौसम में स्थिति और गंभीर हो गई है तथा लोगों को पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है।

विभाग से कार्रवाई की मांग

स्थानीय निवासियों ने जलदाय विभाग से मांग की है कि पुरानी पाइपलाइन के लीकेज को तत्काल ठीक कराया जाए तथा RUDIP की नई पाइपलाइन को जल्द से जल्द नियमित रूप से चालू किया जाए, ताकि लोगों को स्वच्छ और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध हो सके।

Santosh Kumar Garg

Beauro Chief Balotra Rajasthan

Santosh Kumar Garg

Beauro Chief Balotra Rajasthan

Related Articles

Back to top button