LIVE TVअपराधउत्तर प्रदेशब्रेकिंग न्यूज़लखीमपुर खीरी

थाना ईसानगर व खमरिया पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 6 शातिर चोर मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार

 

रिपोर्ट : डॉ. संजय पांडेय, स्टेट हेड उत्तर प्रदेश

मोबाइल नंबर : 7376326175

लखीमपुर खीरी। जनपद खीरी में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना ईसानगर, थाना खमरिया पुलिस एवं एसओजी की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चोरी की कई घटनाओं का खुलासा करते हुए सक्रिय गिरोह के 6 शातिर अपराधियों को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी का भारी मात्रा में सामान, नगदी, अवैध तमंचे व कारतूस बरामद किए गए हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक खीरी डॉ. ख्याति गर्ग के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) एवं क्षेत्राधिकारी धौरहरा के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार संयुक्त टीम ग्राम नौरंगपुर के पास चेकिंग कर रही थी, तभी संदिग्ध व्यक्तियों ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दो अभियुक्त रमाकांत पुत्र मनोहर निवासी जालिमपुर थाना सकरन जनपद सीतापुर तथा हारून पुत्र बसीर निवासी जालिमपुर थाना सकरन जनपद सीतापुर के पैर में गोली लगी।

पुलिस ने मौके से कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्तों में रमाकांत, हारून, संदीप, संजय, पियूष और धीरज शामिल हैं। पुलिस के अनुसार यह गिरोह जनपद खीरी सहित कई जिलों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था।

गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण, 2 लाख 7 हजार 500 रुपये नगद, दो अवैध तमंचे 315 बोर, जिंदा कारतूस, खोखा कारतूस तथा बिना नंबर प्लेट की सीएनजी ऑटो बरामद की गई है। पुलिस ने बताया कि बरामद सामान थाना ईसानगर, खमरिया एवं धौरहरा क्षेत्र में दर्ज चोरी के कई मुकदमों से संबंधित है।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना ईसानगर में आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। घायल अभियुक्तों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी हारून एवं रमाकांत पर सीतापुर, लखनऊ, रायबरेली, प्रतापगढ़ और राजस्थान समेत विभिन्न जनपदों में चोरी, लूट, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट के कई मुकदमे दर्ज हैं।

इस कार्रवाई में थाना ईसानगर के थानाध्यक्ष ब्रजेश कुमार सिंह, थाना खमरिया के थानाध्यक्ष निर्मल तिवारी, एसओजी प्रभारी जयप्रकाश यादव सहित पुलिस टीम के कई अधिकारियों एवं जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Viyasmani Tripaathi

Cheif editor Mobile no 9795441508/7905219162

Related Articles

Back to top button