उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़
बस्ती में लेखपाल भर्ती परीक्षा 2026 का डीएम-एसपी ने किया निरीक्षण, नकलविहीन परीक्षा पर जोर

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 21 मई 2026 (सूचना विभाग)। जनपद बस्ती में आयोजित लेखपाल भर्ती परीक्षा-2026 को सकुशल, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने विभिन्न परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने किसान इंटर कॉलेज मरहा कटया तथा इंदिरा गांधी इंटर कॉलेज कप्तानगंज परीक्षा केन्द्रों का दौरा किया। जिलाधिकारी ने परीक्षा केन्द्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, परीक्षार्थियों की उपस्थिति, प्रश्नपत्र वितरण प्रणाली तथा सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने परीक्षा कक्षों में पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और केन्द्र व्यवस्थापकों व संबंधित अधिकारियों को परीक्षा शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी तरीके से सम्पन्न कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप नकलविहीन परीक्षा कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही अधिकारियों को परीक्षा प्रक्रिया पर लगातार निगरानी बनाए रखने और पूरी सतर्कता के साथ दायित्व निर्वहन करने के निर्देश भी दिए।
वहीं पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने भी परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अभ्यर्थियों की सघन जांच, प्रवेश पत्रों का सत्यापन तथा पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित पाई गई।
इस अवसर पर संबंधित विभागीय अधिकारी, केन्द्र व्यवस्थापक एवं अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

Subscribe to my channel


