उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़
बस्ती में गौआश्रय स्थलों की व्यवस्थाओं पर डीएम सख्त, हर सप्ताह निरीक्षण के निर्देश

बस्ती से वेदान्त सिंह
कृत्तिका ज्योत्स्ना की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में गौआश्रय स्थलों की व्यवस्थाओं, गोवंश संरक्षण एवं गौसेवा संबंधी योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में नामित नोडल अधिकारियों के साथ गौवंशों के संरक्षण और आश्रय स्थलों की व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि गौसंरक्षण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी नोडल अधिकारियों को प्रत्येक सप्ताह गौआश्रय स्थलों का निरीक्षण करने तथा वहां की व्यवस्थाओं का सतत अनुश्रवण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मिलने वाली कमियों को तत्काल दूर कराने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि गौआश्रय स्थलों में गोवंशों के लिए पर्याप्त मात्रा में भूसा, हरा चारा और स्वच्छ पेयजल की समुचित व्यवस्था हर हाल में सुनिश्चित की जाए। बीमार एवं घायल गोवंशों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने तथा गंभीर रूप से बीमार पशुओं को अलग रखने के निर्देश भी दिए गए।
स्वच्छता व्यवस्था को लेकर डीएम ने विशेष सख्ती दिखाते हुए कहा कि आश्रय स्थलों में साफ-सफाई बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है, ताकि पशुओं में बीमारियों का खतरा न बढ़े। उन्होंने मृत पशुओं का सम्मानपूर्वक अंतिम निस्तारण कराने के भी निर्देश दिए।
गर्मी और बरसात के मौसम को देखते हुए गोवंशों के लिए पर्याप्त छाया, सुरक्षित स्थान और पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही नर और मादा गोवंशों को अलग-अलग रखने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए।
बैठक में डीएफओ को गौआश्रय स्थलों पर बड़े पैमाने पर छायादार पौधों का पौधरोपण कराने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी गौआश्रय स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे क्रियाशील अवस्था में रहें, ताकि समय-समय पर निगरानी की जा सके। पशुओं के समय पर टीकाकरण और सभी आवश्यक रजिस्टरों को अद्यतन रखने के भी निर्देश दिए गए।
इसके अलावा नैपियर घास की बुआई के लिए कार्ययोजना तैयार करने तथा निर्धारित प्रारूप पर निरीक्षण रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी अधिकारी अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें, किसी भी प्रकार की शिथिलता क्षम्य नहीं होगी।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल, डीएफओ डॉ. शिरीन, जिला विकास अधिकारी अजय कुमार सिंह, पीडी राजेश कुमार, डीपीआरओ धनश्याम सागर, विभिन्न उपजिलाधिकारी, पशुचिकित्साधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Subscribe to my channel


