खैरथल- तिजाराब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भिवाड़ी में प्रदेश के पहले सेमीकंडक्टर क्लस्टर का किया उद्घाटन

ब्यूरो चीफ मुकेश कुमार शर्मा
राजस्थान में निवेश को मिल रहा निरन्तर प्रोत्साहन,
दो साल में 35 नीतियां लागू
रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम और यमुना जल समझौते का तेजी से क्रियान्वयन जारी
• मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा
6 गुना वृद्धि के साथ इलेेक्ट्रोनिक्स मैन्युफैक्चरिंग 13 लाख करोड़ रूपये पहुंची,
मोबाईल भारत से निर्यात होने वाली पहली नम्बर की कमोडिटी
• केन्द्रीय रेल एवं इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव
भिवाड़ी को मैन्युफैक्चरिंग हब बनाने के लिए संकल्पित,
सेमीकंडक्टर्स और इलेक्ट्रोनिक मैन्युफैक्चरिंग को तेजी से बढ़ाएंगे
-केन्द्रीय वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेन्द्र यादव
• भिवाड़ी में एल्सीना इलेक्ट्रॉनिक्स कॉम्प्लेक्स, 34 एमएलडी एसटीपी एवं खैरथल-तिजारा के विभिन्न विकास कार्यों का वीसी के माध्यम से किया शिलान्यास-लोकार्पण
खैरथल-तिजारा/जयपुर, 15 मई। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में निवेश को प्रोत्साहित करने के लिए हर क्षेत्र में प्रतिबद्ध होकर कार्य कर रही है। गत दो वर्षों से अधिक समय में 35 नीतियों को लागू कर राज्य सरकार ने अनुकूल औद्योगिक वातावरण का निर्माण किया है, जो कि विकसित भारत-विकसित राजस्थान@2047 की ओर महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि राजस्थान को ऊर्जा क्षेत्र में सिरमौर बनाने के क्रम में पवन और सौर ऊर्जा सहित अक्षय ऊर्जा की दिशा में भी तेजी से कार्य किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री शुक्रवार को मुख्यमंत्री निवास पर वीसी के माध्यम से भिवाड़ी में एल्सीना इलेक्ट्रॉनिक्स कॉम्प्लेक्स, 34 एमएलडी एसटीपी एवं खैरथल-तिजारा जिले के विभिन्न विकास कार्यों सहित अन्य परियोजनाओं के शिलान्यास-लोकार्पण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश को रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (आरआरटीएस) द्वारा हरियाणा के रास्ते दिल्ली से जोड़ने की परियोजना पर कार्य किया जा रहा है। वहीं, यमुना जल समझौते के तीव्र क्रियान्वयन के साथ ही, सरकार अलवर के निकट बांदीकुई में एक बड़ेे इण्डस्ट्रीयल एरिया की स्थापना भी करने जा रही है। उन्होंने भिवाड़ी में सेमीकंडक्टर क्लस्टर का जिक्र करते हुए इसे महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में राज्य सरकार ने ग्राम और वार्ड के सुनियोजित विकास के लिए विकसित ग्राम-वार्ड अभियान की दूरगामी पहल की है। इसके अन्तर्गत राज्य सरकार सांस्कृतिक विरासत, पर्यावरण और आवश्यकताओं को समाहित करते हुए गांवों के विकास का ब्लू प्रिंट तैयार कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने ग्रामीण युवाओं की सुविधाओं के दृष्टिगत पंचायत स्तर पर अटल ज्ञान केन्द्र खोलने का अहम निर्णय भी किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जन आंकाक्षाओं के अनुरूप राज्य सरकार ने बिजली-पानी की आवश्यकता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। इसी क्रम में, रामजल सेतु लिंक परियोजना, आईजीएनपी एवं गंगनहर का सुदृढ़ीकरण, माही, देवास एवं सोम-कमला-अंबा परियोजनाओं पर तेजी से कार्य किया जा रहा है। वहीं, 24 जिलों में किसानों को दिन के समय में बिजली आपूर्ति की जा रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने 4 लाख भर्तियों को संकल्प को पूरा करने की दिशा में सवा लाख से अधिक युवाओं को नौकरी देने के साथ ही, सवा लाख पदों के लिए भर्ती कैलेंडर जारी किया है। वहीं, 1 लाख 35 हजार से अधिक नियुक्तियां प्रक्रियाधीन हैं।
केन्द्रीय रेल एवं इलेक्ट्रॉनिक्स मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि सेमीकंडक्टर्स एक महत्वपूर्ण इंडस्ट्री है। आज भारत में 12 सेमीकंडक्टर प्लांट हो गये हैं और विभिन्न उपकरणों की चिप्स का निर्माण हो रहा है। राजस्थान का नाम भी इस इंडस्ट्री से जुड़ गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में इलेेक्ट्रोनिक्स मैन्युफैक्चरिंग में देश ने गत 12 वर्षों में बड़ी छलांग लगाई है। आज भारत में 6 गुना वृद्धि के साथ इलेेक्ट्रोनिक्स मैन्युफैक्चरिंग 13 लाख करोड़ रूपये पहुंच गई है। वहीं, मोबाईल भारत से निर्यात होने वाली पहली नम्बर की कमोडिटी बन गई है।
केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि इलेक्ट्रोनिक्स कम्पोनेंट मैन्युफैक्चरिंग स्कीम के अन्तर्गत 75 प्रोजेक्ट स्वीकृत किए गए हैं। उन्होंने कहा कि भिवाड़ी के इलेक्ट्रोनिक मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर में 1 हजार 200 करोड़ रूपये का इन्वेस्टमेंट है। इससे लगभग 2 हजार 500 लोगों को रोजगार मिलेगा। प्लांट से हर साल 6 करोड़ चिप्स की मैन्युफैक्चरिंग होगी। उन्होंने कहा कि अमृत योजना के अन्तर्गत पूरे राजस्थान में 85 रेलवे स्टेशनों का निर्माण किया जा रहा है। जिनमें से 15 रेलवे स्टेशनों का निर्माण पूरा हो चुका है। इसी प्रकार, अलवर का भव्य रेलवे स्टेशन आधुनिक सुविधाओं से युक्त होगा।
केन्द्रीय वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेन्द्र यादव ने कहा कि भिवाड़ी में 61 करोड़ रूपये के 34 एलएलडी के सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का लोकार्पण किया गया है। वहीं, 52 करोड़ रूपये से अधिक की लागत के 34 एमएलडी एसटीपी ट्रीटेड वाटर लाइन का शिलान्यास किया गया है। यह जल भराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि देश के नक्शे पर भिवाड़ी को मैन्युफैक्चरिंग हब बनाने के लिए हम संकल्पित हैं। भिवाड़ी को ऑटोमोबाईल के साथ-साथ सेमीकंडक्टर्स और इलेक्ट्रोनिक्स मैन्युफैक्चरिंग के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने आरआरटीएस और यमुना जल समझौते की तीव्र प्रगति के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
इससे पहले मुख्यमंत्री ने भिवाड़ी में सेमीकंडक्टर क्लस्टर सहित विभिन्न विकास कार्यों का वर्चुअली माध्यम से शिलान्यास एवं लोकार्पण कर प्रदेश को बड़ी सौगात दी। इस दौरान मुख्यमंत्री निवास पर उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा और नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) झाबर सिंह खर्रा उपस्थित रहे। वहीं, वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संजय शर्मा, विधायक महंत बालकनाथ, सुखवंत सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, इंडस्ट्रीज के प्रतिनिधि, आमजन वीसी के माध्यम से जुड़े।
इस अवसर पर जिला प्रमुख बलबीर सिंह छिल्लर, तिजारा विधायक महन्त बालकनाथ, उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक अमिताभ, डीआरएम रवि जैन, जिला कलक्टर खैरथल-तिजारा अतुल प्रकाश, जिला अध्यक्ष महासिंह चौधरी, पूर्व विधायक रामहेत यादव, पूर्व विधायक तिजारा मामन सिंह, तिजारा प्रधान जेपी यादव, संदीप दायमा सहित स्थानीय जनप्रतिनिधिगण, प्रबुद्ध नागरिक एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित है।

Subscribe to my channel


