उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़
बस्ती में राष्ट्रीय लोक अदालत का भव्य आयोजन, 60,802 मामलों का निस्तारण

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 09 मई 2026। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं उ.प्र. राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा शनिवार को राष्ट्रीय लोक अदालत का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ माननीय न्यायमूर्ति राम मनोहर नारायण मिश्र ने सरस्वती चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
माननीय न्यायमूर्ति एक दिवसीय दौरे पर बस्ती सेशन डिवीजन के निरीक्षण एवं न्यायालय कार्यों की समीक्षा के लिए पहुंचे थे। इस दौरान उनका स्वागत जनपद न्यायाधीश शमसुल हक एवं सचिव देवेन्द्र कुमार-प्रथम ने पौधा भेंट कर किया।
कार्यक्रम के दौरान प्रशासनिक न्यायमूर्ति ने जिला कारागार बस्ती द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का उद्घाटन किया तथा न्यायालय परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम में हिस्सा लिया। साथ ही वादकारियों एवं अधिवक्ताओं की सुविधा के लिए बनाए गए लिफ्ट एवं कॉरिडोर का भी लोकार्पण किया। परिवार न्यायालय में सुलह-समझौते से साथ रहने को तैयार दंपत्तियों को उन्होंने शुभकामनाएं दीं।
60 हजार से अधिक मामलों का निस्तारण
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत में कुल 60,802 मामलों का निस्तारण किया गया। इनमें प्री-लिटिगेशन स्तर पर 58,246 मामले तथा न्यायालयों में लंबित 2,556 मामले सुलह-समझौते के आधार पर निपटाए गए।
मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण ने 65 मामलों का निस्तारण करते हुए 94 लाख 70 हजार रुपये क्षतिपूर्ति के रूप में प्रदान किए। वहीं आपराधिक मामलों में 71,800 रुपये अर्थदंड वसूला गया। अन्य मामलों सहित कुल 6 करोड़ 3 लाख 44 हजार 173 रुपये की वसूली हुई।
प्रदर्शनी भी बनी आकर्षण का केंद्र
राष्ट्रीय लोक अदालत में जिला कारागार बस्ती के बंदियों द्वारा निर्मित हस्तशिल्प वस्तुओं तथा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत ‘एक जिला एक उत्पाद’ प्रदर्शनी भी लगाई गई। प्रदर्शनी में आमजन ने खरीदारी भी की।
अधिकारियों की रही मौजूदगी
इस अवसर पर न्यायिक अधिकारियों, प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस अधिकारियों एवं लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम के पदाधिकारियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। कार्यक्रम का संचालन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बस्ती के निर्देशन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

Subscribe to my channel


