उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़शिक्षा
बस्ती में पीजीटी भर्ती परीक्षा का डीएम-एसपी ने किया निरीक्षण, निष्पक्ष परीक्षा कराने के दिए निर्देश

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 9 मई 2026: उत्तर प्रदेश शिक्षा चयन आयोग की पीजीटी भर्ती परीक्षा को सकुशल, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने शनिवार को विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।
इसी क्रम में अधिकारियों ने बेगम खैर गर्ल्स इंटर कॉलेज तथा खैर इंडस्ट्रियल इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्रों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, बैठने की व्यवस्था, पेयजल सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा की शुचिता और गोपनीयता बनाए रखने में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा शासन द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि परीक्षा को शांतिपूर्ण, नकलविहीन और पारदर्शी वातावरण में सम्पन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। वहीं पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा केंद्रों पर तैनात पुलिस बल को पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारी, केंद्र व्यवस्थापक एवं अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

Subscribe to my channel


