उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़
बस्ती में राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रचार-प्रसार को लेकर जागरूकता रैली निकाली गई

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 05 मई 2026। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ के निर्देशानुसार जनपद बस्ती में 09 मई 2026 को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। इसके सफल संचालन और आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से मंगलवार को बस्ती में जागरूकता रैली निकाली गई।
रैली को जनपद न्यायाधीश शमसुल हक ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान लोगों को राष्ट्रीय लोक अदालत के महत्व, त्वरित न्याय व्यवस्था तथा सुलह-समझौते के माध्यम से विवाद निपटान की जानकारी दी गई।
नोडल अधिकारी प्रमोद कुमार गिरि ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन जनपद न्यायालय, कलेक्ट्रेट मुख्यालय तथा सभी तहसील मुख्यालयों पर किया जाएगा।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव देवेन्द्र कुमार-प्रथम ने बताया कि लोक अदालत में आपराधिक शमनीय वाद, बैंक वसूली मामले, चेक बाउंस प्रकरण, मोटर दुर्घटना प्रतिकर याचिकाएं, श्रम वाद, पारिवारिक विवाद, भूमि अधिग्रहण, बिजली-पानी कर विवाद, वेतन एवं सेवानिवृत्ति लाभ संबंधी मामले, राजस्व वाद तथा अन्य सिविल मामलों का निस्तारण सुलह-समझौते के आधार पर किया जाएगा।
उन्होंने लोगों से अपील की कि अधिक से अधिक संख्या में अपने लंबित मामलों का निस्तारण लोक अदालत के माध्यम से कराएं और त्वरित न्याय का लाभ उठाएं।
इस अवसर पर अपर जिला जज, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, सिविल जज, बार एसोसिएशन पदाधिकारी सहित कई न्यायिक अधिकारी उपस्थित रहे।

Subscribe to my channel


