उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़
बस्ती में 09 मई को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन, विभिन्न मामलों का होगा निस्तारण

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 02 मई 2026। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार जनपद बस्ती में 09 मई 2026 को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन माननीय जनपद न्यायाधीश शमसुल हक के निर्देशन में जनपद न्यायालय परिसर, कलेक्ट्रेट मुख्यालय तथा सभी तहसील मुख्यालयों में संपन्न होगा।
यह जानकारी देते हुए सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण देवेन्द्र कुमार-प्रथम ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से अधिक से अधिक मामलों का सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारण किया जाएगा। उन्होंने आमजन से इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।
राष्ट्रीय लोक अदालत में आपराधिक शमनीय वाद, परक्राम्य लिखत अधिनियम की धारा 138 से संबंधित मामले, बैंक वसूली प्रकरण, मोटर दुर्घटना प्रतिकर याचिकाएं, श्रम विवाद, पारिवारिक मामले, भूमि अधिग्रहण विवाद, विद्युत एवं जलकर विवाद, वेतन एवं सेवानिवृत्ति लाभ संबंधी मामले, राजस्व वाद सहित अन्य सिविल मामलों का निस्तारण किया जाएगा।
इसके अलावा किराया, सुखाधिकार, व्ययादेश, विशिष्ट अनुतोष वाद, आर्बिट्रेशन तथा हायर पर्चेज एग्रीमेंट से उत्पन्न विवादों का भी आपसी सहमति से समाधान किया जाएगा।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने लोगों से अपील की है कि वे अपने लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण हेतु राष्ट्रीय लोक अदालत में पहुंचकर लाभ उठाएं।
Subscribe to my channel


