उत्तर प्रदेशदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़
बस्ती में अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस पर ‘श्रमवीर गौरव समारोह-2026’ का लाइव प्रसारण, श्रमिकों को किया गया सम्मानित

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 1 मई 2026। अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस के अवसर पर जनपद बस्ती के कलेक्ट्रेट सभागार में उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित ‘श्रमवीर गौरव समारोह-2026’ कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधियों तथा सेवायोजकों ने भाग लिया।
इस अवसर पर हर्रैया विधायक अजय सिंह ने श्रमिक भाई-बहनों को जागरूक बनने का संदेश देते हुए श्रम विभाग द्वारा जारी योजनाओं संबंधी पैम्पलेटों का अध्ययन करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पंजीकृत निर्माण श्रमिक ऑनलाइन आवेदन कर सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठा सकते हैं।
उन्होंने जनपद बस्ती स्थित अटल आवासीय विद्यालय की सराहना करते हुए इसे प्रदेश के अग्रणी विद्यालयों में शामिल बताया। साथ ही कहा कि श्रम विभाग जन्म से लेकर शिक्षा, विवाह और वृद्धावस्था तक श्रमिक परिवारों के सहयोग के लिए कई योजनाएं संचालित कर रहा है।
उप श्रमायुक्त रचना केसरवानी ने सभी को श्रमिक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड तथा असंगठित सामाजिक सुरक्षा बोर्ड की योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि किसी भी समस्या के समाधान हेतु श्रमिक विकास भवन के तृतीय तल स्थित कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं।
कार्यक्रम के दौरान निर्माण श्रमिक लाभार्थियों को हितलाभ प्रमाण पत्र वितरित किए गए तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले गिग वर्कर्स को सम्मानित किया गया।
इसके अलावा श्रमिक दिवस पर लेबर अड्डा गांधीनगर और कटरा क्षेत्र में श्रमिक कल्याण योजनाओं के प्रचार-प्रसार हेतु शिविर लगाए गए। वहीं उत्तर प्रदेश मेडिकल एंड सेल्स रिप्रेजेंटेटिव एसोसिएशन द्वारा स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया।

Subscribe to my channel


