उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़
बस्ती: बाल संप्रेषण गृह का निरीक्षण, व्यवस्थाएं संतोषजनक, किशोरों की शिक्षा पर जोर

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 29 अप्रैल 2026:
जनपद बस्ती में आज माननीय जनपद न्यायाधीश श्री शमशुल हक के नेतृत्व में बाल संप्रेषण गृह, किशोर पचपेरिया मार्ग का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण देवेंद्र कुमार, प्रधान मजिस्ट्रेट किशोर न्याय बोर्ड श्री राज बाबू, क्षेत्राधिकारी सदर एवं उप जिलाधिकारी सदर भी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान संप्रेषण गृह में साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक पाई गई। साथ ही किशोरों को दिए जा रहे भोजन की गुणवत्ता भी निर्धारित मानकों के अनुरूप पाई गई, जिस पर अधिकारियों ने संतोष व्यक्त किया।
माननीय जनपद न्यायाधीश ने अधीक्षक को निर्देशित किया कि सभी किशोरियों का शत-प्रतिशत विद्यालयों में नामांकन सुनिश्चित किया जाए, ताकि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कुंजी है।
इस अवसर पर जनपद न्यायाधीश द्वारा किशोरों को शर्ट वितरित की गई और उनका उत्साहवर्धन किया गया। अधीक्षक द्वारा जानकारी दी गई कि हाईस्कूल परीक्षा में शामिल सभी किशोर सफल रहे हैं, जिस पर न्यायाधीश ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बच्चों की सराहना की।
निरीक्षण के दौरान गैस सिलेंडर उपलब्ध न होने की समस्या भी सामने आई, जिस पर उप जिलाधिकारी सदर को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
इसके साथ ही माननीय न्यायाधीश ने किशोरों को खेलकूद, विशेषकर वॉलीबॉल जैसे खेलों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया, ताकि उनका शारीरिक और मानसिक विकास बेहतर तरीके से हो सके।

Subscribe to my channel


