उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़
बस्ती में पर्यटन विकास को बड़ा बढ़ावा: 901 लाख की 11 परियोजनाएं स्वीकृत

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 28 अप्रैल 2026 (सू.वि.)
जनपद बस्ती में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतर्गत राज्य योजना के तहत 901 लाख रुपये की कुल 11 परियोजनाओं को स्वीकृति प्रदान की गई है। इन परियोजनाओं के क्रियान्वयन की जिम्मेदारी सीएनडीएस को सौंपी गई है।
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि सभी कार्यों को गुणवत्ता और समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं और पर्यटकों को जल्द से जल्द सुविधाओं का लाभ मिल सके। इन परियोजनाओं में मुख्य रूप से धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण और बुनियादी सुविधाओं के विकास पर जोर दिया गया है।
इन स्थानों पर होंगे विकास कार्य:
हर्रैया विधानसभा क्षेत्र के चतुर्भुजी मंदिर (लोनिया) के लिए 75 लाख रुपये, महादेवा स्थित प्राचीन स्वयंभू शिव मंदिर के लिए 65 लाख रुपये, भानपुर (रुधौली) के बैडवा समय माता मंदिर के लिए 78 लाख रुपये और महादेवा के रामजानकी मंदिर के लिए 72 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
इसके अलावा कप्तानगंज के बाबा भारीनाथ शिव स्थल के लिए 106 लाख रुपये और बस्ती सदर के कोडरा चौराहे स्थित शिव मंदिर के लिए 107 लाख रुपये दिए गए हैं।
अन्य महत्वपूर्ण परियोजनाएं:
बस्ती सदर के भदेश्वरनाथ गांव स्थित श्री बाबा भदेश्वर नाथ मंदिर के लिए सबसे अधिक 200 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत हुई है। वहीं रुधौली क्षेत्र में बहुउद्देशीय सुविधाओं के लिए 44 लाख रुपये, महादेवा के चंगेरवा गगिया कोहल स्थित प्राचीन शिव मंदिर के लिए 65 लाख रुपये, कबीर आश्रम मूडघाट के लिए 45 लाख रुपये और हर्रैया के तपसीयंधाम आश्रम के लिए 44 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं।
सरकार का मानना है कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से जिले में धार्मिक पर्यटन को नई पहचान मिलेगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
Subscribe to my channel


