खेलखैरथल- तिजाराब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान
माजरा पिपली का लाल शकील चमका अंतरराष्ट्रीय मंच पर, आर्मेनिया राष्ट्रीय टीम में चयन से क्षेत्र में हर्ष

ब्यूरो चीफ मुकेश कुमार शर्मा
तिजारा। क्षेत्र के ग्राम माजरा पिपली के होनहार युवा क्रिकेटर शकील पुत्र श्री रमजान ठेकेदार का आर्मेनिया की राष्ट्रीय क्रिकेट टीम में चयन होने से पूरे इलाके में खुशी की लहर दौड़ गई है। ग्रामीणों, खेल प्रेमियों और परिजनों ने इस उपलब्धि पर गर्व जताते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। शकील ने दूरभाष पर जानकारी देते हुए बताया कि उनका बचपन से ही क्रिकेट के प्रति विशेष रुझान रहा है। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने अपने जुनून और मेहनत के दम पर लगातार आगे बढ़ते हुए इस मुकाम को हासिल किया। युवा खिलाड़ी शकील पिछले करीब 10 वर्षों से क्रिकेट में सक्रिय हैं। वर्ष 2023 में उन्होंने आईपीएल टीम राजस्थान रॉयल्स के प्रशिक्षण शिविर में भी भाग लिया, जहां उन्हें उन्नत स्तर का मार्गदर्शन मिला। इसके अलावा उन्होंने बिहार में दो वर्षों तक विजय हजारे ट्रॉफी से संबंधित प्रशिक्षण कोर्स किया। अपने अनुभव को और समृद्ध करते हुए शकील ने राजवाड़ा टीम के साथ खेला तथा एक वर्ष तक भूटान की ओर से फर्स्ट क्लास क्रिकेट में भी हिस्सा लिया। शकील के इस अंतरराष्ट्रीय चयन में उनके कोच दिनेश शर्मा (दिल्ली, रेलवे कर्मचारी) का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उनके मार्गदर्शन और प्रशिक्षण ने शकील को इस स्तर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। शकील की इस सफलता से न केवल माजरा पिपली गांव बल्कि पूरे तिजारा क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि शकील की उपलब्धि क्षेत्र के अन्य युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी और खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए उत्साहित करेगी।

Subscribe to my channel


