उत्तर प्रदेशखेलबस्तीब्रेकिंग न्यूज़मनोरंजनशिक्षा
ओमनी इंटरनेशनल स्कूल में “एडवेंचर इन समर कैंप 2026” का शुभारंभ
पहले दिन छात्रों ने उठाया रोमांच का आनंद

दिनांक – 17 अप्रैल 2026
अभिषेक पाण्डेय बस्ती। ओमनी इंटरनेशनल स्कूल द्वारा आयोजित “एडवेंचर इन समर कैंप 2026” का शुभारंभ 17 अप्रैल 2026 को संस्कृति ग्राउंड, कर्मा देवी ग्रुप कैंपस में किया गया। इस अवसर पर कर्मा देवी ग्रुप के चेयरमैन, सेवानिवृत्त आईएएस ओम नारायण सिंह एवं मैनेजर नीता सिंह ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। साथ ही रॉकेट लॉन्च एवं प्लेनेटेरियम स्पेस शो के माध्यम से कैंप की आकर्षक शुरुआत की गई।
चेयरमैन ओम नारायण सिंह ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि परंपरागत रूप से ऐसे कैंप जंगलों में आयोजित किए जाते थे, जहां बच्चों को माता-पिता से दूर रखकर आत्मनिर्भर बनना सिखाया जाता था। वहां बच्चे आपस में सहयोग करते हुए खेलते, साथ भोजन करते और दैनिक जीवन की छोटी-छोटी जिम्मेदारियों को निभाना सीखते थे। उन्होंने कहा कि ऐसे अनुभव बच्चों को भोजन के महत्व, सीमित संसाधनों के सही उपयोग तथा सामूहिक जीवन की वास्तविक समझ प्रदान करते हैं, उन्होंने अकबर-बीरबल की शिकार से जुड़ी प्रेरक कथा का उल्लेख करते हुए कहा कि विपरीत परिस्थितियों में धैर्य, बुद्धिमत्ता और सही निर्णय लेने की क्षमता ही व्यक्ति को सफल बनाती है। जीवन में आने वाली चुनौतियों से सीख लेकर आगे बढ़ना ही वास्तविक शिक्षा है। उन्होंने बच्चों के उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि यह कैंप उनके लिए एक उत्सव के समान है, जो उनके जोश और जिज्ञासा को दर्शाता है। अंत में उन्होंने औपचारिक रूप से कैंप के शुभारंभ की घोषणा करते हुए कहा — “I Declare the Camp Open.”
मैनेजर नीता सिंह ने कहा कि इस प्रकार के एडवेंचर कैंप छात्रों के आत्मविश्वास, साहस, नेतृत्व क्षमता एवं टीम वर्क को विकसित करने का सशक्त माध्यम हैं। ऐसे आयोजन बच्चों को किताबों से बाहर निकलकर वास्तविक जीवन के अनुभवों से सीखने का अवसर प्रदान करते हैं।
वहीं विद्यालय की प्रधानाचार्या ने कहा कि यह कैंप छात्रों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए आयोजित किया गया है, जिससे उनके मानसिक, शारीरिक एवं सामाजिक विकास को बढ़ावा मिलता है।
कैंप के पहले दिन छात्रों ने पैरामाउंट, ज़िप-लाइन, पेंट बॉल, रोलर, बॉडी जोरबिंग, कमांडो नेट एवं आर्चरी जैसी रोमांचक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इसके साथ ही स्विमिंग एवं माइंडफुलनेस सत्र के माध्यम से छात्रों को नई ऊर्जा और अनुभव प्राप्त हुआ। दिन के अंत में आयोजित डीजे इवेंट में छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पूरे दिन को यादगार बना दिया।
बच्चों ने सभी गतिविधियों में बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया और पूरे उत्साह के साथ कैंप का आनंद लिया। कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकगण, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Subscribe to my channel


