खैरथल- तिजाराब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान

केंद्रीय पर्यावरण वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री कि टिम एवं स्थानीय प्रशासन ने किया एसटीपी साइट का निरीक्षण, दिए आवश्यक निर्देश

सिविल कार्य अंतिम चरण में, इलेक्ट्रिकल एवं मैकेनिकल कार्य शीघ्र प्रारंभ

ब्यूरो चीफ मुकेश कुमार शर्मा

 

 

खैरथल-तिजारा, 28 फरवरी। भिवाड़ी शहर में जल भराव की समस्या के स्थायी समाधान एवं पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से स्थापित की जा रही 34 एमएलडी क्षमता की सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) परियोजना पर कार्य लगभग 70 से 80% पूर्ण हो चुका है। लगभग 178.77 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित हो रही यह महत्वाकांक्षी परियोजना शहर के सुनियोजित विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

परियोजना स्थल का शनिवार को एसपी मनीष कुमार, बीड़ा सीईओ अतुल प्रकाश, भिवाड़ी एडीएम सुमित्रा मिश्र, नगर परिषद आयुक्त मुकेश चौधरी एवं केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री की टीम द्वारा निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने निर्माण कार्यों की समीक्षा कर कार्यदायी संस्था को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

वर्तमान में सिविल निर्माण कार्य लगभग 70–80 प्रतिशत पूर्ण हो चुका है। प्रशासनिक भवन एवं टॉप डैम का निर्माण कार्य प्रगति पर है, जिसे शीघ्र पूर्ण किया जा रहा है। इसके उपरांत इलेक्ट्रिकल एवं मैकेनिकल कार्य, जिसमें एमसीबी पैनल, पंप, सेपरेटर तथा एससीएडीए (SCADA) सिस्टम की स्थापना शामिल है, चरणबद्ध रूप से संपादित किए जाएंगे। सभी कार्य गुणवत्ता मानकों के अनुरूप सुनिश्चित किए जा रहे हैं।

निर्माण कार्य के दौरान GRAP (ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान) के लागू होने से कुछ समय के लिए कार्य प्रभावित हुआ था, किन्तु वर्तमान में कार्य पूर्ण गति से संचालित है। प्रशासन द्वारा नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है, ताकि परियोजना को शीघ्र पूर्ण कर संचालन प्रारंभ किया जा सके।

एसटीपी से निकलने वाले शोधित जल के समुचित उपयोग हेतु व्यवहारिक विकल्पों पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है। प्रारंभिक प्रस्तावों की समीक्षा के पश्चात अब शोधित जल को उपयुक्त स्थान पर उपयोग में लाने की व्यवहारिक योजना तैयार की जा रही है, जिससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ जल संसाधनों का प्रभावी पुनर्चक्रण सुनिश्चित हो सके।

भिवाड़ी एडीएम सुमित्रा मिश्र ने बताया कि प्रशासन का लक्ष्य परियोजना को शीघ्र पूर्ण कर संचालन में लाना है, ताकि शहर की जल निकासी व्यवस्था सुदृढ़ हो और नागरिकों को राहत मिले। अधिकारियों द्वारा निरंतर निरीक्षण एवं समीक्षा के माध्यम से कार्यों की प्रगति सुनिश्चित की जा रही है।

यह परियोजना न केवल जल भराव की समस्या के समाधान में सहायक होगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता सुधार और सतत विकास के लक्ष्यों को भी मजबूती प्रदान करेगी। परियोजना पूर्ण होने के उपरांत भिवाड़ी शहर में स्वच्छ एवं व्यवस्थित सीवरेज प्रबंधन प्रणाली स्थापित होगी, जिससे आमजन को दीर्घकालिक लाभ प्राप्त होगा।

Viyasmani Tripaathi

Cheif editor Mobile no 9795441508/7905219162

Related Articles

Back to top button