देशबीकानेरब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान
5 करोड़ रुपये के चेक बाउंस मामले में तिहाड़ जेल में बंद राजपाल यादव, इंडस्ट्री आई मदद के लिए आगे

राजस्थान हेड डॉ राम दयाल भाटी
बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव इस समय 5 करोड़ रुपये के चेक बाउंस मामले में तिहाड़ जेल की सलाखों के पीछे हैं। साल 2010 से जुड़ा यह मामला धीरे-धीरे गंभीर रूप लेता गया और आखिरकार अभिनेता को अदालत के आदेश पर सरेंडर करना पड़ा। बताया जा रहा है कि गुरुवार को उनकी रिहाई संभव है।
जेल में सरेंडर करने से पहले राजपाल यादव ने साफ शब्दों में कहा था कि उनके पास बकाया राशि चुकाने के लिए पैसे नहीं हैं और उनके पास कोई दूसरा विकल्प नहीं बचा था। उन्होंने यह भी कहा कि फिल्म इंडस्ट्री में ऐसा कोई नहीं है जो उनकी आर्थिक मदद कर सके। उनके इस बयान से फैंस काफी दुखी हुए थे।
हालांकि अब हालात बदलते नजर आ रहे हैं। राजपाल यादव की मुश्किल घड़ी में बॉलीवुड सितारे खुलकर उनके समर्थन में सामने आ रहे हैं। सबसे पहले अभिनेता सोनू सूद ने उनकी मदद के लिए आवाज उठाई। इसके बाद सलमान खान, अजय देवगन, वरुण धवन समेत कई अन्य कलाकारों ने भी सहयोग का हाथ बढ़ाया है।
राजपाल यादव के मैनेजर गोल्डी ने जानकारी देते हुए बताया कि अजय देवगन, सलमान खान, वरुण धवन और कई अन्य सितारे उनकी मदद के लिए आगे आए हैं। उन्होंने कहा कि हाल ही में उनकी डेविड धवन से भी बातचीत हुई, जिन्होंने भी सहयोग का आश्वासन दिया है। रतन नैन और अन्य लोगों ने भी संपर्क किया है।
गोल्डी ने कहा, “अच्छी बात यह है कि जब उनकी स्थिति बिगड़ी, तब पूरी इंडस्ट्री चट्टान की तरह उनके साथ खड़ी नजर आई। यह सराहनीय है।”
उन्होंने आगे बताया कि राजपाल यादव के घर में फरवरी के अंत में एक पारिवारिक समारोह भी प्रस्तावित है। ऐसे में परिवार को उम्मीद है कि वे जल्द रिहा होकर घर लौटेंगे।
फिलहाल फैंस और इंडस्ट्री के साथी कलाकार उनकी रिहाई का इंतजार कर रहे हैं और उम्मीद जता रहे हैं कि वे जल्द इस कानूनी संकट से बाहर निकलेंगे।

Subscribe to my channel


