उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़शिक्षा

आर्य समाज बस्ती द्वारा बालिकाओं के चरित्र निर्माण हेतु विशेष शिविर आयोजित

 

बस्ती, 1 जनवरी।

आर्य समाज एवं आर्य वीर दल बस्ती के संयुक्त तत्वावधान में बालिकाओं में सदाचार, संयम, अनुशासन एवं चरित्र निर्माण के उद्देश्य से एक विशेष चरित्र निर्माण शिविर का आयोजन स्वामी दयानंद विद्यालय, सुरतीहट्टा बस्ती में किया जा रहा है। इस शिविर में बालिकाओं को शारीरिक, मानसिक एवं नैतिक रूप से सशक्त बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

शिविर में प्रशिक्षिका राधा एवं शालू आर्य द्वारा बालिकाओं को सूर्य नमस्कार, दंड बैठक, विभिन्न योगासन, प्राणायाम, जूडो-कराटे, भाला-तलवार अभ्यास के साथ-साथ संगीतमयी व्यायाम का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। वहीं बौद्धिक कक्षाओं में महिला पतंजलि योग समिति की जिला प्रभारी कामना पाण्डेय एवं योग शिक्षिका किरण जायसवाल ने बच्चों को राष्ट्रप्रेम, बड़ों के प्रति आदर-सम्मान, आपसी व्यवहार तथा वाणी के उचित एवं समयानुकूल प्रयोग के संस्कार सिखाए।

वक्ताओं ने बताया कि सूचना प्रौद्योगिकी के इस युग में जहां वैश्विक प्रतिस्पर्धा में आगे बढ़ना आवश्यक है, वहीं अपनी मूल सांस्कृतिक धरोहर को संरक्षित रखना भी उतना ही महत्वपूर्ण है, और यह कार्य संस्कारवान युवा शक्ति के माध्यम से ही संभव है। शिविर के दौरान बालिकाओं को मिट्टी से मूर्तियां एवं खिलौने बनाने की कला का भी प्रशिक्षण दिया गया।

इस अवसर पर गरुण ध्वज पाण्डेय एवं आचार्य देवव्रत आर्य ने कहा कि यह शिविर समाज को जागृत करने वाला शंखनाद है, जिसे और अधिक बुलंद करने की आवश्यकता है ताकि समाज उन्नति की ओर अग्रसर हो सके। शिविर के संचालक आदित्य नारायण गिरि ने बताया कि व्यायाम एवं यज्ञ का सामंजस्य बच्चों में सकारात्मक सोच विकसित कर पुरुषार्थ एवं देश के प्रति समर्पण की भावना को मजबूत करता है।

आर्य समाज नई बाजार बस्ती के प्रधान ओम प्रकाश आर्य ने जानकारी दी कि शिविर में बच्चों को ब्रह्मयज्ञ एवं देवयज्ञ का भी प्रशिक्षण दिया जा रहा है तथा भारतीय संस्कृति पर आधारित विभिन्न आध्यात्मिक एवं सामाजिक विषयों पर बौद्धिक सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि 2 जनवरी को विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी और 3 जनवरी को समापन समारोह में विजेता बालिकाओं को सम्मानित किया जाएगा।

इस शिविर को सफल बनाने में नितीश कुमार, अनूप कुमार त्रिपाठी, दिनेश कुमार, अरविन्द श्रीवास्तव, अनीशा मिश्रा, महक मिश्रा, शिवांगी गुप्ता, ज्योति सोनी, अंशिका पाण्डेय सहित अनेक लोगों का सहयोग रहा।

गरुण ध्वज पाण्डेय

Viyasmani Tripaathi

Cheif editor Mobile no 9795441508/7905219162

Related Articles

Back to top button