बस्ती। पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न चौधरी चरण सिंह को उनकी जयन्ती पर पर किसान दिवस के रूप में याद किया गया। मंगलवार को राष्ट्रीय लोकदल पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं ने जिला उपाध्यक्ष श्रीराम मौर्य के संयोजन में सिंचाई विभाग के परिसर में स्थित चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनके योगदान पर चर्चा किया।
रालोद के प्रदेश महासचिव अरूणेन्द्र पटेल ने कहा कि चौधरी चरण सिंह एक समर्पित सार्वजनिक कार्यकर्ता और सामाजिक न्याय में दृढ़ विश्वास रखने वाले ऐसे व्यक्तित्व थे जिन्होने किसान हितों के लिये आखिरी सांस तक संघर्ष किया। प्रधानमंत्री के रूप में उन्होने किसानों के लिये जो नीतियां बनायी उसका लाभ आज तक किसानों को मिल रहा है। रालोद उन्ही के सपनों को साकार करने के लिये निरन्तर प्रयत्नशील है।
उपाध्यक्ष श्रीराम मौर्य ने कहा कि किसान समस्याओं के सवालों को हल कराये जाने को लेकर रालोद संघर्ष कर रही है। यही चौधरी चरण सिंह को सच्ची श्रद्धांजलि है।
पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह के चित्र पर माल्यार्पण करने वालों में मुख्य रूप से इन्द्र बहादुर यादव, शिवराम चौधरी, मुन्नीलाल, परवेज अहमद, धर्मराज चौधरी, पेशकार यादव, गोलू यादव के साथ ही रालोद के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता शामिल रहे।