महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मिशन शक्ति फेस 5.0 के अंतर्गत थाना खीरी पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान युवराज दत्त स्नातक महाविद्यालय, लखीमपुर की बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा सुश्री छाया वर्मा को “एक दिवसीय थाना प्रभारी खीरी” बनाया गया।
पुलिस अधीक्षक खीरी श्री संकल्प शर्मा के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक के निकट पर्यवेक्षण तथा सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी सदर के मार्गदर्शन एवं थानाध्यक्ष खीरी के नेतृत्व में यह कार्यक्रम आयोजित हुआ।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं में आत्मविश्वास का संचार करना तथा समाज में महिला नेतृत्व को प्रोत्साहित करना रहा। एक दिवसीय थाना प्रभारी बनीं छात्रा छाया वर्मा ने थाना परिसर का भ्रमण किया, महिला शक्ति केन्द्र व महिला हेल्प डेस्क का निरीक्षण किया तथा आने वाले फरियादियों की समस्याओं को सुना और उनके त्वरित निस्तारण हेतु आवश्यक निर्देश दिए।
इस अवसर पर छात्रा ने नारी सुरक्षा एवं सशक्तिकरण पर अपने विचार व्यक्त करते हुए महिलाओं और बालिकाओं से आत्मनिर्भर व आत्मविश्वासी बनने का आह्वान किया।
साथ ही कार्यक्रम में मौजूद अधिकारीगणों, विद्यालय प्रतिनिधियों व क्षेत्र की महिलाओं को शासन द्वारा संचालित विभिन्न महिला सुरक्षा सेवाओं जैसे –
1930 : साइबर क्राइम हेल्पलाइन
1098 : चाइल्ड हेल्पलाइन
1090 : वीमेन पावर लाइन
1076 : मुख्यमंत्री हेल्पलाइन
112 : आपातकालीन पुलिस सेवा
101 : अग्निशमन सेवा
108 : एम्बुलेंस सेवा
के बारे में भी जानकारी दी गई।
यह पहल शासन की मंशा के अनुरूप महिला सशक्तिकरण, नारी सुरक्षा एवं बालिकाओं में आत्मविश्वास बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी। पुलिस विभाग का यह प्रयास समाज में महिला सम्मान और सुरक्षा के संदेश को और अधिक सशक्त रूप से प्रसारित करेगा।