अपराधजम्मू कश्मीरपुंछब्रेकिंग न्यूज़
जिला पुलिस पूंछ की बड़ी कार्रवाई, कुख्यात अपराधी PSA के तहत गिरफ्तार

ब्यूरो चीफ राजेश कुमार, पुंछ
पूंछ, 20 अगस्त 2025।
जिला पुलिस पूंछ ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने और जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात अपराधी मोहम्मद नासर उर्फ जिग्गर पुत्र मोहम्मद रफीक, निवासी सगरा बलनोई, तहसील मेंढर, जिला पूंछ को जम्मू-कश्मीर पब्लिक सेफ्टी एक्ट (PSA) 1978 के तहत गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को जिला कारागार धानगरी, राजौरी भेजा गया है। यह कार्रवाई जिला मजिस्ट्रेट पूंछ द्वारा जारी आदेश के तहत थाना मेंढर पुलिस द्वारा अमल में लाई गई।
मोहम्मद नासर का आपराधिक इतिहास काफी लंबा है और वह कई हिंसक व जघन्य अपराधों में संलिप्त रहा है। कई बार गिरफ्तार होने और कानूनी कार्रवाई के बावजूद उसने कानून की अनदेखी जारी रखी और आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय बना रहा, जिससे सार्वजनिक शांति और सुरक्षा को गंभीर खतरा पैदा हो गया था।
पुलिस के अनुसार, नियमित कानूनी उपाय भी उसके अपराधों को रोकने में असफल रहे। ऐसे में सार्वजनिक व्यवस्था की रक्षा और आगे किसी भी आपराधिक गतिविधि को रोकने के लिए उसे PSA के तहत हिरासत में लेना आवश्यक समझा गया।
जिला पुलिस पूंछ ने दोहराया कि कानून के शासन को कायम रखना और जनता की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। पुलिस ने कहा कि अपराध और समाज की शांति भंग करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ ज़ीरो टॉलरेंस की नीति जारी रहेगी और सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Subscribe to my channel


