श्रावण मास के पावन तीसरे सोमवार को लखीमपुर खीरी के गोला गोकर्णनाथ (छोटी काशी) में श्रद्धालुओं और कांवड़ियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। इस धार्मिक उत्सव के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद बनाए रखने के लिए पुलिस अधीक्षक श्री संकल्प शर्मा ने स्वयं रविवार सायंकाल से मेले की कमान संभाली।
एसपी संकल्प शर्मा रातभर स्वयं चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करते रहे। उन्होंने श्रद्धालुओं के आवागमन मार्गों और मंदिर परिसर का लगातार निरीक्षण किया और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को समय-समय पर ब्रीफ कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं व कांवड़ियों से बातचीत कर उनका उत्साहवर्धन किया और सभी से संयम बनाए रखते हुए कतारबद्ध रूप से दर्शन व जलाभिषेक करने की अपील की। प्रशासन की सुदृढ़ व्यवस्था के कारण लाखों की संख्या में आए श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की कोई असुविधा नहीं हुई और दर्शन-पूजन शांतिपूर्वक संपन्न हुआ।
श्रावण के इस पावन पर्व पर गोला गोकर्णनाथ मंदिर में भक्ति और आस्था का अनूठा संगम देखने को मिला, जहां हर हर महादेव के जयकारों से वातावरण गुंजायमान होता रहा।