बालोतराब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान
बालोतरा शहर की ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह चरमराई आमजन परेशान

ब्यूरो चीफ सन्तोष कुमार गर्ग
बालोतरा।
शहर की बिगड़ती ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष श्री मदनराज चोपड़ा ने पुलिस अधीक्षक महोदय को एक ज्ञापन सौंपा है, जिसमें शहर के प्रमुख मार्गों पर हो रही अव्यवस्थाओं और आए दिन लगने वाले जाम की गंभीर समस्या को उठाया गया है।
श्री चोपड़ा ने बताया कि 3rd फाटक क्षेत्र में दोनों ओर ट्रैफिक कर्मचारी नहीं होने के कारण वहां भारी जाम की स्थिति बन जाती है। इस मार्ग से टैंकर और भारी वाहन बड़ी संख्या में गुजरते हैं, और आमने-सामने वाहनों के आ जाने से दोनों ओर लंबी कतारें लग जाती हैं, जिससे आमजन का आवागमन कठिन हो जाता है। उन्होंने मांग की है कि इस स्थान पर तत्काल ट्रैफिक पुलिसकर्मी की नियुक्ति की जाए।
खेड़ रोड, जो कि एक नेशनल हाईवे है, वहां भी हालात काफी खराब हैं। संत हरिदास आई हॉस्पिटल के सामने मुख्य मार्ग पर प्राइवेट बसें खड़ी रहती हैं, वहीं दूसरी ओर हाथ ठेले आधी सड़क पर कब्जा किए रहते हैं, जिससे दुर्घटनाएं होना आम बात हो गई है।
नाहटा हॉस्पिटल के पास भी दिनभर भारी ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रहती है। यहां भी किसी प्रकार का ट्रैफिक कंट्रोल नहीं किया जा रहा है। श्री चोपड़ा ने इस क्षेत्र में भी ट्रैफिक नियंत्रण के लिए पुलिसकर्मी तैनात करने की मांग की है।
उन्होंने यह भी कहा कि नए बस स्टैंड पर प्राइवेट बसों को मैन रोड की बजाय साइड में खड़ा करवाया जाए, जिससे मुख्य मार्ग पर यातायात बाधित न हो। वहीं क्षत्रियों के मोर्चे पर रोडवेज और प्राइवेट बसों को पीछे शिफ्ट किया जाए, क्योंकि इनकी वजह से भी मुख्य सड़क पर अव्यवस्था फैल रही है।
श्री चोपड़ा ने पुलिस अधीक्षक से अनुरोध किया है कि वे शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने के लिए त्वरित और प्रभावी कदम उठाएं, ताकि आमजन को राहत मिल सके।
Subscribe to my channel


