सेवा, सुशासन और विकास के तीन वर्ष पूर्ण होने पर किच्छा में बहुद्देशीय एवं चिकित्सा शिविर का भव्य आयोजन
A grand multipurpose and medical camp was organized in Kichha on completion of three years of service, good governance and development


ब्यूरो रिपोर्ट… अनीता पाल
किच्छा…किच्छा स्थित इंदिरा गांधी खेल मैदान में प्रदेश की पुष्कर सिंह धामी सरकार के सेवा, सुशासन एवं विकास के तीन वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जन सेवा थीम पर आधारित बहुद्देशीय एवं चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व विधायक राजेश शुक्ला, प्रशासक जिला पंचायत रेनू गंगवार एवं भाजपा जिला अध्यक्ष कमल जिंदल ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। अतिथियों ने शिविर में लगे विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया एवं जनता को उपलब्ध सेवाओं की जानकारी ली।
धामी सरकार राज्य के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध: राजेश शुक्ला
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने कहा कि प्रदेश के सबसे युवा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी राज्य आंदोलनकारियों के सपनों का उत्तराखंड बनाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य कर रहे हैं। तीन वर्ष पूर्व, राज्य की जनता ने जिस विश्वास के साथ भारतीय जनता पार्टी को सत्ता सौंपी थी, उस विश्वास पर सरकार पूरी तरह खरी उतरी है।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने कार्यकाल में सड़क, हवाई एवं डिजिटल कनेक्टिविटी को सुदृढ़ करने के साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, उद्योग एवं खेल सहित सभी प्रमुख क्षेत्रों में उल्लेखनीय सुधार किए हैं।
यातायात सुधार: “उड़ान योजना” के माध्यम से प्रदेश के कई नगरों को हेली सेवाओं से जोड़ा गया है।
कृषि एवं किसान कल्याण: किसान सम्मान निधि योजना के तहत प्रदेश के 8 लाख से अधिक किसानों को आर्थिक सहयोग मिल रहा है।
महिला एवं आंदोलनकारी आरक्षण: धामी सरकार ने महिलाओं को 30% क्षैतिज आरक्षण और राज्य आंदोलनकारियों को 10% क्षैतिज आरक्षण देकर ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं।
स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़ा निवेश: किच्छा में ₹351 करोड़ की लागत से एम्स ऋषिकेश के सैटेलाइट सेंटर की स्थापना की जा रही है।
कार्यक्रम को भाजपा जिला अध्यक्ष कमल जिंदल, प्रशासक जिला पंचायत रेनू गंगवार, मंडल अध्यक्ष गोल्डी गोरया, ब्लॉक प्रमुख ममता जल्होत्रा ने संबोधित किया।
शिविर में हजारों को मिला लाभ
बहुद्देशीय शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा जनसेवा कार्य किए गए:
समाज कल्याण विभाग: 8 विधवा एवं वृद्धावस्था पेंशन शिकायतों का निस्तारण, 2 नई पेंशन फॉर्म स्वीकृत।
विद्युत विभाग: 32 स्मार्ट मीटर आवेदन, 5 नए विद्युत कनेक्शन, 7 बिल सुधार, ₹2.5 लाख की राजस्व वसूली।
स्वास्थ्य विभाग: 668 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण, 26 टीबी स्क्रीनिंग, 17 आयुष्मान कार्ड वितरण, 50 लोगों के बीपी व शुगर जांच।
नेत्र चिकित्सा: 125 लोगों की आंखों की जांच एवं 70 निशुल्क चश्मे वितरित किए गए।
दिव्यांग सहायता: बंदिया भट्टा निवासी सोमवती पत्नी राजपाल व दरऊ निवासी रिमझा पुत्री मिथिलेश को व्हीलचेयर एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
उपस्थित अतिथियों ने दर्जनों मातृशक्ति को महालक्ष्मी किट वितरित किया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
कार्यक्रम के दौरान प्रसिद्ध पहाड़ी गायिका खुशी जोशी एवं गोविंद डिगारी ने अपने भजनों व गीतों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया। कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया।
सम्मान एवं पुरस्कार वितरण
कार्यक्रम में मिनी मैराथन विजेता प्रथम फुलेरा, उमेश सागर, पंकज मौर्या को पुरस्कृत किया गया।
उपस्थित गणमान्य व्यक्तित्व
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख ममता जल्होत्रा, उप जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र, तहसीलदार गिरीश चंद्र त्रिपाठी, भाजपा नेता धर्मराज जायसवाल, नगर पालिका अध्यक्ष सचिन शुक्ला, मुख्य चिकित्सा अधिकारी केके अग्रवाल, समेत क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
Subscribe to my channel


