हमेशा हर संकट के लिए तैयार रहा है आर्य समाज-स्वामी सच्चिदानंद

बस्ती 8अक्तूबर।
आर्य समाज नई बाजार बस्ती के 51वें वार्षिकोत्सव के चतुर्थ दिवस का शुभारंभ वैदिक यज्ञ से हुआ जिसमें ओंकार आर्य, संतोष आर्य, मुख्य यजमान रहे। यज्ञ के दौरान आचार्य सुरेश जोशी ने यजमानों को संकल्प कराते हुए वैदिक कालगणना का महत्व बताया। इस अवसर पर आर्य समाज के प्रकांड विद्वान सच्चिदानंद सरस्वती ने कहा कि आर्य समाज हिंदू समाज की मां है। आर्य समाज अगर नहीं होता तो देश की बहुत दुर्दशा होती। पाखंडियों ने आर्य समाज के कार्यों को दबाने का प्रयास किया लेकिन आर्य समाज देश के हित के लिए निरंतर कार्य करता रहा है। उन्होंने कहा कि जब-जब धर्म पर संकट आए हैं तब तक आर्य समाजियों ने आगे बढ़कर उसका मुकाबला किया और अपने प्राणों की आहुतियां दी। इतना ही नहीं देश को आजाद करने में आर्य समाज का बहुत बड़ा योगदान है उन्होंने जानकारी देते हुए कहा कि देश की पहली गौशाला की स्थापना आर्य समाज के संस्थापक स्वामी दयानंद सरस्वती ने किया था साथ ही साथ पहले अनाथालय की स्थापना भी फिरोजपुर में आर्य समाज द्वारा किया गया था। आज भी दक्षिण अफ्रीका में स्थापित अनाथालय बड़े पैमाने पर चल रहा है। कहा कि सती प्रथा का विरोध आर्य समाज ने किया अन्य संस्थाएं बाद में आई बाल विवाह की प्रथा का विरोध भी आर्य समाज ने किया। आर्य समाज के कार्यों को न जानकर लोग केवल आर्य समाज को बदनाम करने में लगे हैं क्योंकि उनके पाखंड की दुकान बंद हो जायेगी।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रख्यात भजनोपदेशिका पण्डिता रुक्मिणी देवी ने *प्रभु तेरी शरण तज कर ,शरण पाने कहां जाएं* भजन प्रस्तुत कर ईश्वर की महिमा का वर्णन किया और कहा कि अगर स्वामी दयानंद न आए होते तो हमारे देश की और दुर्दशा होती। दयानंद ने समाज के सोए हुए लोगों को जगाया। बिजनौर से पधारे भजन उपदेशक योगेश दत्त ने *दिन कैसे होंगे ग़म के यहां जब ऋषि चल के आया होगा* प्रस्तुत कर दयानंद के जीवन चरित्र का वर्णन किया और कहा कि उन्होंने अंधविश्वास में डूबे लोगों को बाहर निकाला। कहा कि आर्य समाज भगवान की बनाई हुई मूर्ति की पूजा करता है पत्थर की नहीं। कार्यक्रम का संचालन करते हुए आचार्य सुरेश जोशी ने कहा कि स्वामी दयानंद सरस्वती ने हमें सही गलत की पहचान बतलाई। आर्य समाज के सार्वभौमिक 10 नियम बनाकर समाज को एक नई दिशा दी। इस अवसर पर दिनेश कुमार आर्य, ओंकार आर्य, अलख निरंजन आर्य, सुरेंद्र कुमार, अशोक कुमार, अशोक कुमार तिवारी, ईश्वरचंद्र, चंदन कुमार, गिरिजा शंकर दुबे, मोतीलाल, जगदीश प्रसाद शुक्ला वरिष्ठ समाजसेवी भाजपा, रवि कुमार बरनवाल, प्रमोद कुमार आर्षेय, सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।
गरुण ध्वज पाण्डेय

Subscribe to my channel


