LIVE TVजयपुरब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान

गांव के इलाकों में इंदिरा रसोई योजना की शुरुआत आज रविवार से

 

ब्यूरो चीफ सतीश कुमार की रिपोर्ट 

 

*जयपुर।* आज से इन्दिरा रसोई योजना-ग्रामीण की शुरूआत की जा रही है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत आज रविवार को दोपहर 12 बजे टोंक के निवाई स्थित झिलाय से योजना का शुभारम्भ करेंगे। साथ ही, विभिन्न जिलों में संचालित इन्दिरा रसोइयों के लाभार्थियों से संवाद करेंगे।

मुख्यमंत्री ने प्रदेश के नगरीय निकायों में करीब 1000 इन्दिरा रसोइयां के सफल संचालन के बाद ग्रामीण क्षेत्र में भी 1000 रसोइयां प्रारम्भ करने की बजट 2023-24 में घोषणा की थी। इस योजना में वर्षभर में 1000 रसोइयों से ग्रामीण क्षेत्र में जरूरतमंदों को करीब 7 करोड़ 30 लाख भोजन थालियां परोसने का लक्ष्य रखा गया है।

गहलोत ने जयपुर में गत 18 अगस्त को सखी सम्मेलन के दौरान ग्रामीण कस्बों में 1000 इन्दिरा रसोइयों का संचालन राजीविका के माध्यम से कराने की घोषणा की थी। अब 5 हजार से अधिक आबादी वाले ग्रामीण कस्बों में रविवार से योजना को शुरू किया जा रहा है। इससे ग्रामीण महिलाओं के आजीविका उपार्जन के अवसर बढ़ेंगे।

इन्दिरा रसोई योजना-ग्रामीण में राज्य सरकार द्वारा नई रसोइयों की स्थापना के लिए 5 लाख रुपए की एकमुश्त राशि तथा 17 रुपए प्रति थाली अनुदान दिया जा रहा है। इनके माध्यम से राजीविका की 10000 से भी अधिक महिलाओं को रोजगार मिलेगा। राज्य स्तर पर इन्दिरा रसोई योजना ग्रामीण का कन्ट्रोल रूम पंचायती राज विभाग में स्थापित किया गया है।

नगरीय क्षेत्रों में संचालित इन्दिरा रसोई योजना से गरीब एवं जरूरतमंद लोगों को मात्र 8 रुपए में सुविधापूर्ण वातावरण में पौष्टिक भोजन मिल रहा है। योजना का लाभ विद्यार्थियों एवं श्रमिकों सहित सभी वर्ग के लोगों को मिल रहा है।

Satish Kumar

Beauro Chief Mahendragarh Haryana

Satish Kumar

Beauro Chief Mahendragarh Haryana

Related Articles

Back to top button