न्यायिक परिसर नारनौल, महेन्द्रगढ़ व कनीना में राष्ट्रीय लोक अदालत आयोजित
लोक अदालत में 3185 केसों का किया निपटारा

महेंद्रगढ़ से ब्यूरो चीफ सतीश कुमार की रिपोर्ट
नारनौल 11 फरवरी। हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष रजनीश बंसल के मार्गदर्शन में आज न्यायिक परिसर नारनौल, महेन्द्रगढ़ व कनीना में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया।
इस लोक अदालत में जिला एवं सत्र न्यायधीश रजनीश बंसल, अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायधीश डा. अब्दुल माजिद, विरेन्द्र मलिक, व मैडम राजगुप्ता, अतिरिक्त मुख्य न्यायिक दण्डाधिकारी मैडम आर्या शर्मा, अतिरिक्त सिविल जज सीनियर डिवीजन मैडम नेहा गोयल, व सिविल जज जूनियर डिवीजन अभिषेक वर्मा, व कनीना में सिविल जज जूनियर डिवीजन विरेन कादयान, व महेन्द्रगढ़ में सिविल जज जूनियर डिवीजन सोहन लाल मलिक व मनजीत पाल न्यायधीशों की बैचों द्वारा फैसले किए गए।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी अंजलि जैन ने बताया कि इस लोक अदालत में वाहन दुर्घटना मुआवजा केस, वैवाहिक मामले, जमीन अधिग्रहण मुआवजा से सम्बन्धित मामले, दीवानी मामले जैसे की किराया, बैक ऋण, बच्चों व पत्नी के लिए भरण-पोषण, चैक बाउंस व राजीनामा योग्य फौजदारी मामलों को रखा गया। इस लोक अदालत में कुल 6298 केस निपटारे के लिए रखे गए जिनमें से 3185 केसों का फैसला किया गया। इसमें 18 मोटर वाहन दुर्घटना से सम्बन्धित मामले जिनमें कुल 84,20,000/- रुपए का मुआवजा दिया गया।
उन्होंने बताया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से कानूनी जानकारी लेने के लिए हेल्पलाइन नंबर 01282-250322 है। इस पर कोई भी आमजन सुबह 9:00 से शाम 5:00 बजे तक फोन कर कानूनी जानकारी ले सकते हैं।
Subscribe to my channel


