देवेंद्रनगरदेशधर्मब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेश

शांति पटेल के भक्ति गायन की प्रस्तुति के साथ पन्ना के श्री जुगल किशोर मंदिर में पांच दिवसीय रासलीला समारोह शुरू

लोकेशन=देवेंद्रनगर।मध्य प्रदेश पन्ना
ब्यूरो चीफ=सुधीर अग्रवाल

*शांति पटेल के भक्ति गायन की प्रस्तुति के साथ पन्ना के श्री जुगल किशोर मंदिर में पांच दिवसीय रासलीला समारोह शुरू*

*राई नृत्य की भी हुई प्रस्तुति*
*माधव आचार्य के निर्देशन में* *रासलीला के मंचन ने मोहा मन*
*पन्ना विधायक ने दीप प्रज्ज्वलन कर किया रासलीला कार्यक्रम का शुभारंभ*

संस्कृति संचालनालय एवं जिला प्रशासन पन्ना के सहयोग से 27 से 31 अगस्त तक राधाष्टमी के अवसर पर श्री जुगल किशोर मंदिर प्रांगण, पन्ना में पांच दिवसीय रासलीला समारोह प्रारंभ हो गया है। समारोह में प्रतिदिन रासलीला,भक्ति गायन एवं प्रदेश के स्थानीय लोक एवं जन जातीय नृत्यों की प्रस्तुति का संयोजन किया गया है।
रासलीला कार्यक्रम का पन्ना विधायक बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने दीप प्रज्ज्वलन कर शुभारंभ किया। इस मौके पर उन्होंने उपस्थितजनों को गणेश चतुर्थी पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अब धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम की श्रृंखला शुरू होने से पन्ना के सभी उत्सवों को भव्य स्वरूप मिला है। पहले केवल जन्माष्टमी पर्व पर ही लोगों को भक्ति गायन,भजन संध्या और लोकनृत्य को देखने और रसास्वादन का अवसर प्राप्त होता था, अब पहली बार राधाअष्टमी पर भी नगरवासियों को संस्कृति और विरासत से रूबरू होने का अवसर मिल सकेगा। विधायक जी ने कहा कि पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण पन्ना जिले में धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने पन्ना में मेडिकल कॉलेज तथा डायमंड पार्क की स्थापना का भी जिक्र करते हुए सुंदर एवं स्वच्छ पन्ना बनाने का आह्वान किया।
समारोह के पहले दिन गुनौर की शांति पटेल एवं साथी कलाकारों द्वारा भक्ति गायन में पन्ना जिला की महिमा-जैसों जिला हमाओ पन्ना…, रात श्याम सपने में चुनरिया तानी…., राधा रानी को भव अवतार…, जैसे भजन एवं लोक गीत की प्रस्तुति दी।
इसके बाद ज्ञानेश्वरी नायडू एवं साथी-कटनी द्वारा राई नृत्य की प्रस्तुति दी गई। यह नृत्य बुंदेलखंड के जनमानस का हर्ष और उल्लास अभिव्यक्त करता है। इस नृत्य में कलाकार फागें गाकर नृत्य करते हैं। राई के गीत ख्याल, स्वांग आदि और भी कई प्रकार के होते हैं। मृदंग की थाप पर घुंघरुओं की झंकारती राई और उसके साथ नृत्यरत स्वांग मनोरंजन के साथ परंपरा को व्यक्त करते हैं।राई नृत्य के साथ यहां विशेषतः सुप्रसिद्ध लोक कवि ईसुरी की फागें भी गाई जाती हैं।
अगले क्रम में श्री माधव आचार्य एवं साथी-मथुरा द्वारा रासलीला में वासुदेव विवाह, चतुर्भुज दर्शन, श्रीकृष्ण प्राकट्य लीला को मंचित किया गया। रासलीला समारोह के प्रथम दिवस भक्ति गायन, लोकनृत्य और रासलीला के मंचन की रंगारंग प्रस्तुति ने श्रोताओं का मन मोह लिया।
कार्यक्रम में कलेक्टर सुरेश कुमार सपत्नीक शामिल हुए। इसके अतिरिक्त जिला पंचायत उपाध्यक्ष संतोष सिंह यादव, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं रासलीला समारोह के नोडल अधिकारी उमराव सिंह मरावी सहित अतिरिक्त सीईओ अशोक चतुर्वेदी, परियोजना अधिकारी संजय सिंह परिहार, विष्णु पांडेय, कैलाश गुप्ता, कमल लालवानी, रवि पाण्डेय उपस्थित रहे। राजकुमार वर्मा द्वारा कार्यक्रम का संचालन किया गया। रासलीला समारोह के दूसरे दिवस गुरुवार को छतरपुर की चंदा कुशवाहा भक्ति गायन और राजू यादव एवं कलाकार राई नृत्य प्रस्तुत करेंगे।

Sudhir Agrawal

Beauro Chief Panna Madhya Pradesh

Sudhir Agrawal

Beauro Chief Panna Madhya Pradesh

Related Articles

Back to top button