जोधपुरब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान
डा. ललित के. पंवार को मिला मारवाड़ रत्न का सर्वोच्च “राव सीहाजी सम्मान”

ब्यूरो चीफ सन्तोष कुमार गर्ग
जोधपुर, 10 अगस्त – देश के प्रख्यात पर्यटन विशेषज्ञ और पूर्व केंद्रीय पर्यटन सचिव डा. ललित के. पंवार को मारवाड़ रत्न के सर्वोच्च सम्मान “राव सीहाजी सम्मान” से सम्मानित किया गया। यह सम्मान वीर राव दुर्गादास की 387वीं जयंती पर मेहरानगढ़ म्यूजियम ट्रस्ट एवं वीर दुर्गादास जयंती स्मृति समारोह समिति द्वारा आयोजित भव्य कार्यक्रम में, जोधपुर के पूर्व महाराजा श्री गज सिंह ने प्रदान किया।
बाड़मेर जिले के बालोतरा में जन्मे डा. पंवार 1979 बैच के IAS अधिकारी रहे हैं और राजस्थान व केंद्र सरकार में विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर सेवाएं दी हैं। वे भारत सरकार के पर्यटन सचिव पद से सेवानिवृत्त हुए। राजस्थान को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने में उनकी अहम भूमिका रही। उनका बनाया स्लोगन “पधारो म्हारे देश” देश-विदेश के पर्यटकों के बीच बेहद लोकप्रिय हुआ।
जुलाई 2015 से जुलाई 2017 तक वे राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) के अध्यक्ष रहे और उनके कार्यकाल में 110 से अधिक ऑनलाइन परीक्षाएं सफलतापूर्वक आयोजित हुईं। “ऑन स्क्रीन मार्किंग” प्रणाली की शुरुआत ने पूरे देश में नई पहचान बनाई, जिसे देखने के लिए संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) के अध्यक्ष भी अजमेर पहुंचे थे।
हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता वाले नीति आयोग में उन्हें पर्यटन सलाहकार नियुक्त किया गया है।
बालोतरा के विभिन्न संगठनों—रोटरी क्लब, महावीर इंटरनेशनल, भारत जैन महामंडल, डॉ. संतोष सिंह शिवनानी, सालग राम परिहार, महेंद्र चोपड़ा, माणक चोपड़ा और कमलेश बोहरा—ने डा. पंवार को बधाई देते हुए गर्व व्यक्त किया है।

Subscribe to my channel


