उत्तर प्रदेशब्रेकिंग न्यूज़शिक्षासोनभद्र
छात्र संसद/ कन्या भारती का शपथ ग्रहण समारोह सफलतापूर्वक संपन्न

ब्यूरो चीफ राम सुदीन सोनभद्र
सोनभद्र (समाचार)
एनसीएल ककरी परियोजना आवासीय परिसर स्थित सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज ककरी में आज छात्र संसद/ कन्या भारती का शपथ ग्रहण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। यह समारोह विद्यालय के शैक्षणिक और सांस्कृतिक जीवन में एक महत्वपूर्ण कदम है जो छात्रों को नेतृत्व जिम्मेदारी और लोकतांत्रिक मूल्यों से परिचित कराता है।
समारोह का शुभारंभ सरस्वती वंदना के साथ हुआ जिसमें बहनों ने मधुर कंठ से विद्या की देवी का आह्वान किया। इसके बाद मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि, प्रधानाचार्य और अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित एवं पुष्प अर्पित कर कार्यक्रम की शुरुआत की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विद्यालय के प्रबंधक व सर्वे ऑफिसर एनसीएल ककरी परियोजना मा0 जे पी तिवारी जी ने छात्र संसद/ कन्या भारती के प्रधानमंत्री भैया- बहन एवं पदाधिकारी भैया बहनों को उनके पद और कर्तव्य की शपथ दिलाई।
मुख्य अतिथि जी ने छात्रों को संबोधित करते हुए उनके नेतृत्व की भूमिका और जिम्मेदारियों पर प्रकाश डाला और कहा कि यह पद छात्रों को एक बेहतर नागरिक बनने का अवसर देता है और उन्हें भविष्य के लिए तैयार करता है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे विद्यालय के अध्यक्ष मा0 मनोज कुमार सिंह जी ने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि अनुशासन और कड़ी मेहनत ही सफलता की कुंजी है।
छात्र संसद/ कन्या भारती शपथ ग्रहण समारोह के शुभ अवसर पर प्रबंध समिति के सम्मानित सदस्य श्रीमान हेमंत योगी जी ने भैया बहनों को उनके भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए कंप्यूटर लैब के लिए पांच कंप्यूटर सेट देने की घोषणा की।
अतिथि परिचय विद्यालय के प्रधानाचार्य श्रीमान सुभाष चंद्र त्रिपाठी जी ने कराया। सरस्वती शिशु मंदिर ककरी के प्रधानाचार्य श्रीमान सुरेंद्र द्विवेदी जी ने आए हुए अतिथियों का आभार ज्ञापित किया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य सुभाष चंद्र त्रिपाठी जी ने सभी नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों को बधाई दी और उनसे अपेक्षा की कि वे अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ करेंगे।
शपथ ग्रहण समारोह के बाद, छात्र संसद और कन्या भारती के सदस्यों ने अपने-अपने पद की गरिमा बनाए रखने और विद्यालय के विकास में योगदान देने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का संचालन परीक्षा प्रमुख राजेश कुमार तिवारी जी ने किया।
इस अवसर पर विद्यालय के कोषाध्यक्ष श्रीमान लालसाराम जी, छात्र संसद प्रमुख आचार्य रविशंकर जी, कन्या भारती प्रमुख श्रीमती सुनीता सिंह जी सहित सभी आचार्य /आचार्या, कर्मचारी, अभिभावक और भैया-बहन उपस्थित रहे।

Subscribe to my channel


