बीकानेरब्रेकिंग न्यूज़राजनीतिराजस्थान
सेवा संकल्प अभियान के तहत नोखा में सेवा संवाद कार्यक्रम आयोजित
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने सेवा यात्रियों से किया संवाद, मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने बीकानेर से दिया संबोधन, उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा रहे उपस्थित

राजस्थान हेड डॉ राम दयाल भाटी
बीकानेर, 24 सितंबर। सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित विभिन्न सेवा एवं जनसंपर्क गतिविधियों की कड़ी में गुरुवार को नोखा के बाबा छोटूनाथ राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर में ‘सेवा संवाद कार्यक्रम’ आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का सेवा यात्रियों के साथ संवाद कार्यक्रम वर्चुअल माध्यम से प्रसारित किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने बीकानेर से संबोधित किया। उप मुख्यमंत्री डॉ. बैरवा ने भी मार्गदर्शन प्रदान किया।
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने वडनगर से वाराणसी तक निकाली जा रही ‘सेवा संकल्प बाइक यात्रा’ में शामिल सेवा यात्रियों से संवाद किया।
*सेवा को संकल्प के रूप में जन-जन तक पहुंचा रही यात्रा : डॉ बैरवा*
उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने कहा कि यह सेवा यात्रा केवल बाइक यात्रा नहीं, बल्कि सेवा को संकल्प के रूप में जन-जन तक पहुंचाने वाली यात्रा है। यह यात्रा सेवा भाव के माध्यम से लोगों के दिलों को जोड़ने तथा जन-जन तक सेवा का संदेश पहुंचाने का कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का जीवन राष्ट्र प्रेम, राष्ट्र भक्ति और गरीब कल्याण से जुड़ा रहा है। राजस्थान की धरती शौर्य और संकल्प की धरती है। राज्य सरकार का ध्येय विकास का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग और प्रत्येक क्षेत्र तक पहुंचाना है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष सेवा, सुशासन और जनकल्याण के प्रति समर्पित रहे हैं। गरीब एवं वंचित वर्ग के उत्थान, युवाओं को नए अवसर प्रदान करने, महिलाओं के सशक्तीकरण तथा किसानों, पशुपालकों और श्रमिकों के कल्याण के लिए किए गए प्रयासों से समाज के विभिन्न वर्गों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य हुआ है।
*सेवा भाव को जीवन का संकल्प बनाने की प्रेरणा लें : श्री बिहारीलाल बिश्नोई*
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक श्री बिहारीलाल बिश्नोई ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी पिछले 25 वर्षों से सेवा के संकल्प के साथ निरंतर कार्य कर रहे हैं। उनके सार्वजनिक जीवन से हम सभी को सेवा भाव, राष्ट्रहित और जनकल्याण को सर्वोपरि रखने की प्रेरणा मिलती है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का मार्गदर्शन जनसेवा के क्षेत्र में पूर्ण निष्ठा, समर्पण और दृढ़ संकल्प के साथ कार्य करने की प्रेरणा देता है।
*पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के साथ किया पौधारोपण,शहीद प्रतिमा पर अर्पित की श्रद्धांजलि*
कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए विद्यालय परिसर में पौधारोपण किया गया। इस अवसर पर 25 पौधे लगाए गए तथा पर्यावरण संरक्षण एवं हरित परिसर के विकास का संकल्प लिया गया।इसके साथ ही विद्यालय परिसर में स्थापित शहीद श्री जगदीश बिश्नोई की प्रतिमा पर पुष्पमालाएं अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई।
कार्यक्रम में विश्वकर्मा कौशल विकास बोर्ड के अध्यक्ष श्री रामगोपाल सुथार, श्री श्याम पंचारिया, श्री गंगाराम पारीक, श्री भावेश सहित श्री कैलाश बिश्नोई, श्री आसकरण भट्टड़, श्री मनोज कुलरिया, श्री श्रवण ज्याणी, श्री निर्मल भूरा, श्री सुनील पूनिया, श्रीमती यशोदा, श्रीमती शारदा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी, गणमान्यजन उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि सेवा संकल्प यात्रा 17 सितंबर से प्रारंभ हुई है, जिसके तहत वडनगर से वाराणसी तक बाइक यात्रियों के विभिन्न समूह सेवा, जनसंवाद एवं जनभागीदारी से जुड़ी गतिविधियों में शामिल हो रहे हैं।
*देशनोक में करणी माता मंदिर में धोक लगाकर की प्रदेश की खुशहाली की कामना*
उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने देशनोक स्थित प्रसिद्ध करणी माता मंदिर में धोक लगाकर प्रदेश की खुशहाली, समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना की। उन्होंने मां करणी से प्रदेशवासियों के सुख, शांति और समृद्धि के साथ राजस्थान के निरंतर विकास की प्रार्थना की।

Subscribe to my channel


