राजस्थान में पत्रकारों पर लगातार हो रहे हमलों और उत्पीड़न के मामलों को लेकर जोधपुर में पत्रकारों ने एकजुटता का प्रदर्शन किया। हाल ही में माउंट आबू सहित राजस्थान के विभिन्न हिस्सों में पत्रकारों के साथ मारपीट और जानलेवा हमलों की घटनाओं के विरोध में जोधपुर के पत्रकार सड़कों पर उतरे और संभागीय अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा।
इस दौरान आईएफडब्ल्यूजे (इंडियन फेडरेशन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स) के नेतृत्व में जोधपुर प्रेस क्लब, मारवाड़ प्रेस क्लब सहित शहर के तमाम पत्रकार संगठनों ने मिलकर एक स्वर में पत्रकार सुरक्षा कानून बनाने की मांग रखी।
पत्रकारों ने संभागीय आयुक्त प्रतिभा सिंह, जिला कलेक्टर गौरव अग्रवाल और रेंज आईजी विकास कुमार को ज्ञापन सौंपा। इस ज्ञापन में उन्होंने साफ तौर पर कहा कि राजस्थान सहित पूरे देश में पत्रकारों के साथ हो रही हिंसा और दुर्व्यवहार पर रोक लगाई जाए और पत्रकार सुरक्षा कानून को जल्द से जल्द लागू किया जाए।
पत्रकारों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द से जल्द इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया तो प्रदेशभर के पत्रकार उग्र आंदोलन करेंगे।
ज्ञापन सौंपने वालों में प्रमुख रूप से आईएफडब्ल्यूजे के पदाधिकारी, प्रेस क्लब अध्यक्ष और वरिष्ठ पत्रकार उपस्थित रहे। सभी पत्रकारों ने शांतिपूर्ण तरीके से प्रशासन को अपनी बात रखते हुए लोकतंत्र के चौथे स्तंभ की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।