बांसी।- डीएम की अध्यक्षता में मई मांह के प्रथम शनिवार को बांसी तहसील सभागार में सम्पूर्ण तहसील समाधान दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। क्षेत्रीय विधायक राजा जयप्रताप सिंह व पुलिस अधीक्षक अभिषेक महाजन की उपस्थिति में आयोजित समाधान दिवस में फरियादियों की भारी भीड़ रही।
फरियादियों की भारी भीड़ के चलते कार्यक्रम निर्धारित अवधि से लगभग एक घंटे बाद तक चलता रहा। इस दौरान राजस्व, विकास, शिक्षा, पूर्ति एवं अन्य विभागों के शिकायतों की सुनवाई डीएम डॉ0 राजा गणपति आर0 व एसडीएम शशांक शेखर राय तथा पुलिस विभाग से सम्बंधित शिकायतों की सुनवाई पुलिस अधीक्षक डॉ0 अभिषेक महाजन द्वारा किया गया। डीएम
ने जिला स्तरीय अधिकारियों को प्राप्त हो रही शिकायतों एवं आईजीआरएस पर प्राप्त शिकायतों का समय से गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। उन्होंने पक्षकारों के समक्ष जांच कर कार्यवाही किए जाने का निर्देश दिया। उन्होंने कड़े लहजे में ताकीद किया कि तहसील दिवस का प्रकरण लम्बित पाए जाने पर सम्बन्धित के विरूद्ध कड़ी कार्यवाही की जायेगी। उक्त क्रम में ही सर्राफा गली से आए कई लोगों के साथ भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष कुबेर बारी ने डीएम से प्रशासन द्वारा सर्राफा गली के लोगों को मार्ग चौडीकरण के लिए भेजी गई नोटिस पर आपत्ति जताते हुए जनहित में नोटिस पर पुनर्विचार कर उचित निर्णय लिए जाने की मांग की। उनके साथ आए लोगों ने उक्त बावत डीएम को प्रार्थनापत्र दिया। जिस पर डीएम ने मामले को स्वंय देखने का आश्वासन दिया ।
सम्पूर्ण तहसील समाधान दिवस के अवसर पर कुल 113 प्रार्थना पत्र प्रस्तुत हुए जिसमें राजस्व-70, पुलिस विभाग से सम्बन्धित-09, विकास-23, समाज कल्याण-07, लोक निर्माण विभाग-01 व अन्य विभागों से संबंधित 03 प्रार्थना-पत्र शामिल हैं। डीएम द्वारा राजस्व के 09 प्रार्थना-पत्र को मौके पर ही निस्तारित करा दिया गया। शेष शिकायती प्रार्थना पत्रों को तीन दिवस के अन्दर शत-प्रतिशत निस्तारण की कार्यवाही सुनिश्चित करने हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया
इस अवसर पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट आयुष अग्रवाल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा0 रजत कुमार चौरसिया, पीडी नागेन्द्र मोहन राम त्रिपाठी, जिला विद्यालय निरीक्षक प्रकाश सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शैलेष कुमार, जिला कृषि अधिकारी मो0 मुजम्मिल, जिला प्रोबेशन अधिकारी विनय सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी पवन कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी देवेन्द्र प्रताप सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी महिपाल सिंह, तहसीलदार पीयूष श्रीवास्तव व तहसील क्षेत्र के समस्त थानाध्यक्ष एवं खण्ड विकास अधिकारी तथा अन्य जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।