उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़
बस्ती में दुर्गा पूजा, दशहरा, छठ और दीपावली को लेकर जिला शांति समिति की बैठक, डीएम ने दिए सुरक्षा के निर्देश
डीएम कृतिका ज्योत्स्ना ने बिजली, सफाई, विसर्जन घाटों और स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्था दुरुस्त करने के दिए निर्देश, एसपी ओमवीर सिंह ने अफवाहों से दूर रहने की अपील की

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 9 अक्टूबर 2026। आगामी दुर्गा पूजा, दशहरा, छठ पूजा एवं दीपावली के त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को जिलाधिकारी श्रीमती कृतिका ज्योत्स्ना की अध्यक्षता में जिला शांति समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। बैठक में त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था, सुरक्षा, विद्युत आपूर्ति, साफ-सफाई, प्रतिमा विसर्जन, स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए गए।
भाईचारे और सामाजिक सौहार्द के साथ मनाएं त्योहार: डीएम
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी कृतिका ज्योत्स्ना ने जनपदवासियों को आगामी त्योहारों की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सभी नागरिकों से आपसी भाईचारे, प्रेम और सौहार्द के साथ त्योहार मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि त्योहार हमारी सामाजिक और सांस्कृतिक परंपराओं का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। सभी लोगों की जिम्मेदारी है कि आपसी सद्भाव बनाए रखते हुए त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से मनाएं।
जिलाधिकारी ने साफ-सफाई पर विशेष जोर देते हुए कहा कि स्वच्छता बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को त्योहारों के दौरान साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने और विसर्जन मार्गों को ठीक कराने के निर्देश
जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि त्योहारों के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। ढीले बिजली के तारों को दुरुस्त करने तथा स्थानीय स्तर पर होने वाले विद्युत फॉल्ट को तत्काल ठीक कराने की व्यवस्था की जाए, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके।
प्रतिमा विसर्जन के लिए निर्धारित मार्गों को सुगम बनाने के उद्देश्य से उन्होंने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) और नगरपालिका के अधिकारियों को रास्तों का सुदृढ़ीकरण एवं समतलीकरण कराने के निर्देश दिए। साथ ही सभी विसर्जन घाटों पर समय से गोताखोरों, नावों और प्रकाश की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रतिमा विसर्जन के दौरान निर्धारित समय का विशेष ध्यान रखा जाए तथा संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाए।
पंडालों में सुरक्षा और अग्निशमन के पुख्ता इंतजाम जरूरी
जिलाधिकारी ने दुर्गा पूजा आयोजक समितियों को निर्देश दिया कि प्रतिमाओं की स्थापना सुरक्षित स्थानों पर की जाए, जिससे यातायात बाधित न हो। पंडालों में आरती और पूजन के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। आग लगने की आशंका को देखते हुए आवश्यक सुरक्षा उपकरणों की पर्याप्त व्यवस्था रखी जाए।
उन्होंने विद्युत सुरक्षा के दृष्टिगत पंडालों में सभी जरूरी तैयारियां समय से पूरी करने पर जोर दिया। साथ ही डीजे का संचालन निर्धारित मानकों के अनुरूप और मध्यम ध्वनि में करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने खाद्य सुरक्षा, अवैध पटाखों और मादक पदार्थों से संबंधित विभागों के अधिकारियों को क्षेत्र में लगातार भ्रमण करते हुए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
अस्पतालों में डॉक्टरों और दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करें
त्योहारों के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्साधिकारी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (पीएचसी) पर पर्याप्त संख्या में चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी आवश्यक दवाओं की उपलब्धता बनाए रखने पर भी जोर दिया।
बैठक में संभ्रांत नागरिकों द्वारा उठाई गई समस्याओं का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को स्थलीय निरीक्षण कर समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने के निर्देश दिए।
मानक के विपरीत डीजे बजाने पर होगी एफआईआर: एसपी
पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने कहा कि प्रत्येक दुर्गा पूजा पंडाल में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्वयंसेवकों की तैनाती की जाए। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और संदिग्ध या आपत्तिजनक सूचना मिलने पर तत्काल स्थानीय प्रशासन एवं पुलिस को अवगत कराएं।
एसपी ने बताया कि शासन के निर्देशों के अनुसार पूजा पंडालों और डीजे का संचालन निर्धारित मानकों के अनुरूप किया जाना अनिवार्य है। मानक से अधिक ध्वनि पाए जाने पर डीजे संचालक के साथ-साथ संबंधित दुर्गा प्रतिमा आयोजन समिति के विरुद्ध भी एफआईआर दर्ज कराई जा सकती है।
उन्होंने संभ्रांत नागरिकों और आयोजन समितियों से अपील की कि कार्यक्रम स्थलों पर किसी भी प्रकार का विवाद उत्पन्न न होने दें। प्रतिकूल परिस्थिति सामने आने पर तत्काल पुलिस प्रशासन को सूचना दें, ताकि समय रहते समस्या का समाधान किया जा सके। उन्होंने प्रतिमा विसर्जन के दौरान अनुशासन और निर्धारित व्यवस्था का पालन करने की भी अपील की।
बैठक में अधिकारी, जनप्रतिनिधि और समिति के सदस्य रहे मौजूद
जिला शांति समिति की बैठक में सीआरओ कीर्ति प्रकाश भारती, अपर जिलाधिकारी ज्ञान चंद्र गुप्ता, अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राजीव निगम, जिला विकास अधिकारी सुशील कुमार श्रीवास्तव, डीआईओएस संजय सिंह, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता संजीव कुमार, सीवीओ डॉ. ए.के. गुप्ता, एआरटीओ माला बाजपेयी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
इसके अतिरिक्त उप जिलाधिकारी प्रमोद कुमार, अहमद फरीद खान, हिमांशु कुमार, रश्मि यादव, प्रद्युम्न कुमार और नौसीन सिद्दीकी, नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी अंगद गुप्ता, डीएसओ विमल शुक्ला, हर्रैया के विधायक प्रतिनिधि सरोज मिश्र, सदर के प्रतिनिधि मोहम्मद सलीम, कप्तानगंज के गुलाब चंद्र सोनकर तथा पत्रकार सरदार जगवीर सिंह, जयंत मिश्रा, पुनीत ओझा, प्रमोद ओझा, स्कंद शुक्ला, जीशान हैदर रिजवी, इमरान अली, राघवेंद्र मिश्र, आशुतोष नारायण मिश्र और डॉ. वी.के. वर्मा मौजूद रहे।
बैठक में सभी क्षेत्राधिकारी पुलिस, थाना अध्यक्षों तथा जिला शांति समिति के सदस्यों और अन्य नागरिकों ने भाग लिया।
अपील: जिला प्रशासन ने जनपदवासियों से आगामी त्योहारों को आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक सौहार्द के साथ मनाने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।

Subscribe to my channel


