बस्ती। राजकीय महाविद्यालय सेहमों बस्ती की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ० अतुल कुमार पाण्डेय के मार्गदर्शन में आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर के तीसरे दिन प्रथम सत्र में स्वयं सेविकाओं ने प्रात: शिविर स्थल की साफ-सफाई की और पौधों को पानी दिया। इसके बाद लक्ष्यगीत का सामूहिक गायन किया गया। आज के कार्यक्रम के अनुसार शिविर स्थल से देईडीहा ग्राम में जल संरक्षण विषय पर रैली निकाली गयी। रैली के दौरान स्वयं सेवकों ने जल बचाने सम्बन्धी नारे लगाकर ग्राम वासियों को जल संरक्षण के प्रति सचेत किया। गांव के लोगों को स्वयं सेवकों ने जल बचाव के तरीके समझाए और जल संरक्षण के प्रति जागरुक किया। रैली पूरे गांव के भ्रमण के बाद दोपहर को शिविर स्थल पहुंची। फिर स्वयं सेवकों ने दोपहर का भोजन किया।
शिविर के दूसरे सत्र में योग अभ्यास प्रशिक्षण एवं व्याख्यान का आयोजन किया गया। योग विशेषज्ञ एवं महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ० अतुल कुमार पाण्डेय मुख्य वक्ता रहे। उन्होंने स्वयं सेवकों को योग को अपनी जीवनशैली बनाने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि नियमित रोग करने पर व्यक्ति सदैव निरोगी रहता है। इसके पश्चात उन्होंने वृक्षासन, तड़ासन, सूर्य नमस्कार की मुद्राओं का स्वयं सेवकों को प्रशिक्षण दिया। इस अवसर पर डॉ० प्रीति वर्मा, डॉ० कृष्णकान्त मिश्र, कमलेश, वीरेन्द्र कुमार रिंकू आदि उपस्थित रहे।