उत्तराखंडब्रेकिंग न्यूज़शिक्षास्वास्थ्यहरिद्वार

ऋषिकुल एलुमनाई मीट-कम-वर्कशॉप में जुटे देशभर के 350 से अधिक पूर्व विद्यार्थी, आयुर्वेद की उपलब्धियों और भविष्य की संभावनाओं पर हुआ मंथन

आयुर्वेद के संरक्षण, संवर्धन, शोध एवं वैश्विक विस्तार का संकल्प; डॉ. मायाराम उनियाल और डॉ. गोपाल कृष्ण गर्ग को लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से किया गया सम्मानित

 

उत्तराखंड आयुर्वेद विश्वविद्यालय के ऋषिकुल परिसर में ऋषिकुल स्नातक एवं स्नातकोत्तर एसोसिएशन (RSESA) की ओर से आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय एलुमनाई मीट-कम-वर्कशॉप का भव्य एवं उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया। सम्मेलन में देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे 350 से अधिक पूर्व विद्यार्थियों, आयुर्वेद विशेषज्ञों, शिक्षाविदों, चिकित्सकों एवं आयुर्वेद प्रेमियों ने प्रतिभाग किया। आयोजन का उद्देश्य ऋषिकुल की गौरवशाली शैक्षणिक विरासत को आगे बढ़ाने, पूर्व विद्यार्थियों के अनुभवों को साझा करने तथा आयुर्वेद के शैक्षणिक, चिकित्सकीय एवं वैज्ञानिक विकास के लिए नए आयाम तलाशना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रदेश के माननीय आयुष एवं आयुष शिक्षा मंत्री श्री मदन कौशिक द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके पश्चात गणेश वंदना, स्वागत गीत एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अतिथियों का अभिनंदन किया गया। छात्र-छात्राओं द्वारा प्रवेश द्वार पर आकर्षक रंगोली सजाई गई, जिसने आयोजन की सांस्कृतिक गरिमा को और बढ़ाया।

आयुर्वेद के संरक्षण एवं वैश्विक विस्तार के लिए सरकार संकल्पबद्ध : मदन कौशिक

मुख्य अतिथि आयुष एवं आयुष शिक्षा मंत्री श्री मदन कौशिक ने अपने संबोधन में कहा कि आयुर्वेद भारत की प्राचीन एवं वैज्ञानिक चिकित्सा परंपरा है, जिसे आधुनिक आवश्यकताओं और वैज्ञानिक अनुसंधान के अनुरूप आगे बढ़ाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार आयुर्वेद के संरक्षण, संवर्धन, शिक्षा, शोध और चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रतिबद्ध है। ऋषिकुल जैसे ऐतिहासिक संस्थानों का सुदृढ़ीकरण सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

उन्होंने ऋषिकुल राजकीय आयुर्वेदिक महाविद्यालय एवं फार्मेसी के विकास, आयुर्वेदिक चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार तथा विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराने के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता व्यक्त की। आगामी कुंभ मेले में देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को आयुर्वेदिक चिकित्सा, पंचकर्म, योग एवं स्वास्थ्य परामर्श की सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पर्याप्त बजट की व्यवस्था एवं व्यापक कार्ययोजना तैयार करने की बात भी कही।

मंत्री ने बताया कि ऋषिकुल परिसर में महामना पंडित मदन मोहन मालवीय जी के नाम पर प्राच्य शोध संस्थान की स्थापना की योजना एवं प्रारूप अंतिम चरण में है। इसके माध्यम से भारतीय ज्ञान परंपरा, आयुर्वेद, योग एवं प्राच्य विद्या से संबंधित शोध को प्रोत्साहन मिलेगा। उन्होंने आयुर्वेद के इंटर्न विद्यार्थियों को एलोपैथिक विद्यार्थियों के समान मानदेय उपलब्ध कराने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता भी व्यक्त की। साथ ही उत्तराखंड आयुर्वेद विश्वविद्यालय को देश के श्रेष्ठ विश्वविद्यालयों में स्थापित करने के लिए किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख किया।

आयुर्वेद शिक्षा एवं अनुसंधान को नई ऊंचाइयों पर ले जाने की आवश्यकता : कुलपति प्रो. अरुण कुमार त्रिपाठी

उत्तराखंड आयुर्वेद विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर अरुण कुमार त्रिपाठी ने कहा कि विश्वविद्यालय आयुर्वेद शिक्षा की गुणवत्ता, अनुसंधान गतिविधियों, चिकित्सकीय सेवाओं एवं शैक्षणिक संसाधनों को सुदृढ़ करने की दिशा में निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि पूर्व विद्यार्थियों का अनुभव और विशेषज्ञता वर्तमान विद्यार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी है। एलुमनाई मीट जैसे आयोजन विश्वविद्यालय और उसके पूर्व विद्यार्थियों के बीच अकादमिक सहयोग, शोध एवं संस्थागत विकास के नए अवसर प्रदान करते हैं।

ऋषिकुल की गौरवशाली विरासत को आगे बढ़ाना हम सभी का दायित्व : निदेशक डॉ. रविंद्र प्रताप सिंह

निदेशक डॉ. रविंद्र प्रताप सिंह ने ऋषिकुल की ऐतिहासिक उपलब्धियों एवं आयुर्वेद शिक्षा में इसके योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि इस संस्थान ने देश को अनेक प्रतिष्ठित चिकित्सक, शिक्षक, शोधकर्ता एवं आयुर्वेद विशेषज्ञ दिए हैं। उन्होंने संस्थान के शैक्षणिक एवं चिकित्सकीय विकास में पूर्व विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी को महत्वपूर्ण बताया।

पूर्व विद्यार्थियों की सहभागिता से संस्थान को मिलेगी नई दिशा : परिसर निदेशक डॉ. ओ.पी. सिंह

परिसर निदेशक डॉ. ओ.पी. सिंह ने कहा कि ऋषिकुल का गौरवशाली इतिहास यहां से शिक्षा प्राप्त कर देश-विदेश में अपनी सेवाएं दे रहे पूर्व विद्यार्थियों की उपलब्धियों से जुड़ा हुआ है। एलुमनाई मीट के माध्यम से पुराने संबंधों को पुनर्जीवित करने के साथ-साथ वर्तमान विद्यार्थियों को वरिष्ठ विशेषज्ञों से सीखने का अवसर प्राप्त होगा।

ऋषिकुल एलुमनाई एसोसिएशन संस्थान के विकास में निभाएगी महत्वपूर्ण भूमिका : प्रो. बी.के. अग्निहोत्री

एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रोफेसर बी.के. अग्निहोत्री ने कहा कि ऋषिकुल स्नातक एवं स्नातकोत्तर एसोसिएशन का उद्देश्य पूर्व विद्यार्थियों को एक साझा मंच प्रदान करना, उनके अनुभवों एवं उपलब्धियों को संस्थान से जोड़ना तथा आयुर्वेद के विकास में सामूहिक योगदान सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि एसोसिएशन भविष्य में शैक्षणिक गतिविधियों, शोध, विद्यार्थियों के मार्गदर्शन और संस्थान के विकास के लिए निरंतर कार्य करेगी।

गुणवत्तापूर्ण आयुर्वेदिक औषधियों एवं औषधि मानकीकरण पर जोर : ड्रग कंट्रोलर डॉ. मिथिलेश कुमार

ड्रग कंट्रोलर डॉ. मिथिलेश कुमार ने आयुर्वेदिक औषधियों की गुणवत्ता, शुद्धता, मानकीकरण एवं औषधि निर्माण में निर्धारित मानकों के पालन के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि आयुर्वेद की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए गुणवत्तापूर्ण औषधि निर्माण एवं प्रभावी नियामकीय व्यवस्था आवश्यक है।

डॉ. मायाराम उनियाल एवं डॉ. गोपाल कृष्ण गर्ग को लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड

समारोह का विशेष आकर्षण आयुर्वेद के क्षेत्र में दीर्घकालीन एवं उल्लेखनीय योगदान देने वाले प्रतिष्ठित विद्वानों का सम्मान रहा। विश्वप्रसिद्ध वनस्पति शास्त्री एवं आयुर्वेद विशेषज्ञ डॉ. मायाराम उनियाल तथा वरिष्ठ आयुर्वेद विशेषज्ञ डॉ. गोपाल कृष्ण गर्ग को उनके विशिष्ट योगदान के लिए लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया। उपस्थित अतिथियों एवं प्रतिभागियों ने दोनों विभूतियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उनका अभिनंदन किया।

इस अवसर पर डॉ. किशोर गोयल ने संस्था की गतिविधियों एवं आयोजनों के संचालन के लिए एक लाख रुपये की सहयोग राशि प्रदान कर सराहनीय योगदान दिया।

आयुर्वेदिक औषधियों एवं उत्पादों की प्रदर्शनी रही आकर्षण का केंद्र

एलुमनाई मीट-कम-वर्कशॉप के दौरान आयुर्वेदिक औषधियों एवं स्वास्थ्यवर्धक उत्पादों की आकर्षक प्रदर्शनी भी आयोजित की गई। इसमें बैद्यनाथ, डाबर, बास हेल्थ केयर प्राइवेट लिमिटेड, श्रीवल्ली प्योर आयुर्वेदा, प्रवेक प्राइवेट लिमिटेड, आदित्य ग्रुप, विद्यालम, श्री धूतपापेश्वर एवं महर्षि अमृत कलश सहित विभिन्न प्रतिष्ठित आयुर्वेदिक कंपनियों ने अपने उत्पादों के स्टॉल लगाए।

प्रदर्शनी में प्रतिभागियों एवं आगंतुकों ने विभिन्न आयुर्वेदिक औषधियों, स्वास्थ्यवर्धक उत्पादों, औषधि निर्माण एवं आयुर्वेद आधारित स्वास्थ्य समाधानों की जानकारी प्राप्त की। इस प्रदर्शनी ने आयुर्वेद के शैक्षणिक संस्थानों और औषधि उद्योग के बीच संवाद एवं सहयोग की संभावनाओं को भी प्रदर्शित किया।

अनुभव साझा कर नई पीढ़ी को मिला मार्गदर्शन

कार्यक्रम के सचिव एवं संयोजक डॉ. वेद भूषण शर्मा ने स्वागत संबोधन देते हुए सभी अतिथियों, पूर्व विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं प्रतिभागियों का अभिनंदन किया। उन्होंने बताया कि दो दिवसीय सम्मेलन में विभिन्न शैक्षणिक एवं तकनीकी सत्र आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें देशभर से आए पूर्व विद्यार्थी अपनी सफलता की कहानियां, चिकित्सकीय अनुभव, शोध उपलब्धियां और व्यावसायिक यात्रा साझा कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि इस आयोजन का प्रमुख उद्देश्य वरिष्ठ चिकित्सकों एवं विशेषज्ञों के अनुभवों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है, जिससे बीएएमएस के स्नातक एवं स्नातकोत्तर विद्यार्थियों तथा नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं को करियर, चिकित्सा सेवा, शोध एवं उद्यमिता के क्षेत्र में मार्गदर्शन प्राप्त हो सके।

कार्यक्रम का सफल एवं प्रभावशाली मंच संचालन डॉ. मनीषा एवं डॉ. पारुल शर्मा द्वारा किया गया। आयोजन में देशभर से आए पूर्व विद्यार्थियों ने एक-दूसरे से मुलाकात कर पुरानी स्मृतियां साझा कीं और ऋषिकुल के विकास के लिए अपने विचार प्रस्तुत किए।

यह दो दिवसीय आयोजन आयुर्वेद की समृद्ध परंपरा, आधुनिक चिकित्सा आवश्यकताओं, औषधि उद्योग, शोध एवं शैक्षणिक नवाचार के बीच समन्वय स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ। सम्मेलन ने यह संदेश दिया कि ऋषिकुल की पहचान केवल उसके गौरवशाली इतिहास तक सीमित नहीं है, बल्कि यहां के पूर्व विद्यार्थियों की उपलब्धियों और सामूहिक सहभागिता से आयुर्वेद का भविष्य भी नई ऊंचाइयों तक पहुंच सकता है।

प्रचार मंत्री डॉ अवनीश कुमार उपाध्याय ऋषिकुल स्नातक एवं स्नातकोत्तर एसोसिएशन (RSESA) परिवार ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी पूर्व विद्यार्थियों, अतिथियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों, प्रायोजकों एवं आयुर्वेद प्रेमियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Viyasmani Tripaathi

Cheif editor Mobile no 9795441508/7905219162

Related Articles

Back to top button