देशधर्मबालोतराब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानशिक्षा

जसोल में मनाया गया महाप्रज्ञ अलंकरण दिवस एवं जीवन विज्ञान दिवस, साध्वी श्री कुंदन प्रभाजी का मिला सानिध्य

ब्यूरो चीफ सन्तोष कुमार गर्ग

जसोल, 23 नवंबर। अणुव्रत विश्व भारती के बैनर तले अणुव्रत समिति जसोल की ओर से महाप्रज्ञ अलंकरण दिवस को जीवन विज्ञान दिवस के रूप में श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम सोमवार को साध्वी श्री कुंदन प्रभाजी आदि ठाणा-4 के सानिध्य में स्थानीय पुराने ओसवाल भवन में आयोजित हुआ। सुबह 9:30 बजे शुरू हुए इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रावक-श्राविकाओं, धर्मप्रेमियों एवं संस्था प्रधानों ने भाग लिया।

इस अवसर पर साध्वी श्री कुंदन प्रभाजी ने अपने प्रवचन में महाप्रज्ञ अलंकरण दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि तेरापंथ धर्मसंघ के नौवें आचार्य श्री तुलसी ने 48 वर्ष पूर्व कार्तिक शुक्ला तेरस, विक्रम संवत 2035, दिनांक 12 नवंबर 1978 को बीकानेर जिले के गंगाशहर में मुनि श्री नथमल जी स्वामी को सर्वप्रथम ‘महाप्रज्ञ’ अलंकरण से संबोधित किया था। इसी ऐतिहासिक अवसर की स्मृति में प्रतिवर्ष जीवन विज्ञान दिवस मनाया जाता है।

सहवर्ती साध्वी श्री विद्युत प्रभाजी, साध्वी श्री किरणयशाजी एवं साध्वी श्री चारित्र प्रभाजी ने सामूहिक गीतिका “विद्या के प्रांगण में अब व्यापक जीवन विज्ञान हो, शिक्षा का नव अभियान हो…” की मधुर प्रस्तुति देकर उपस्थित श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया।

कार्यक्रम में अणुव्रत समिति के अध्यक्ष श्री महावीर चंद सालेचा ने अणुव्रत आचार संहिता का वाचन किया। वहीं तेरापंथ सभा के निवर्तमान अध्यक्ष श्री भूपतराज कोठारी ने आचार्य श्री महाप्रज्ञ जी द्वारा समय-समय पर जीवन विज्ञान एवं प्रेक्षाध्यान विषय पर दिए गए प्रवचनों की मोबाइल के माध्यम से झलकियां प्रस्तुत कीं तथा उनके महान योगदान को याद करते हुए नमन किया।

श्राविका रेखा संखलेचा ने आचार्य श्री महाप्रज्ञ जी द्वारा धर्मसंघ, अणुव्रत, जीवन विज्ञान एवं प्रेक्षाध्यान के क्षेत्र में किए गए उल्लेखनीय कार्यों का स्मरण करते हुए अपने भावपूर्ण विचार व्यक्त किए।

इस अवसर पर जोधपुर संभाग प्रभारी श्री गौतम चंद सालेचा, स्थानीय तेरापंथ सभा अध्यक्ष श्री गौतमचंद ढेलड़िया, अणुव्रत समिति के निवर्तमान अध्यक्ष श्री पारसमल गोलेछा, श्री शांतिलाल भंसाली, श्री संपतराज चोपड़ा, श्री डूंगरचंद बागरेचा, श्री गौतम चंद जीरावला सहित बड़ी संख्या में महिलाएं एवं धर्मप्रेमी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन अणुव्रत समिति के मंत्री श्री सफरूखान ने किया।

अंत में श्री संपतराज चोपड़ा ने जानकारी दी कि 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर रात्रि 8 बजे पुराने ओसवाल भवन में साध्वी श्रीजी का मंगल भावना कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। उन्होंने सभी श्रावक-श्राविकाओं एवं धर्मप्रेमियों से समय पर पहुंचकर कार्यक्रम में सहभागी बनने का आग्रह किया।

कार्यक्रम के माध्यम से जीवन विज्ञान, नैतिक मूल्यों, अनुशासन एवं आध्यात्मिक चेतना के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया गया।

Santosh Kumar Garg

Beauro Chief Balotra Rajasthan

Santosh Kumar Garg

Beauro Chief Balotra Rajasthan

Related Articles

Back to top button