कविताएंबीकानेरब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान
राष्ट्रीय कवि चौपाल की 595वीं कड़ी में साहित्य, सत्य, समय और सद्गुणों पर हुई काव्य प्रस्तुतियां
समय, सत्य और सद्गुणों के महत्व पर साहित्यकारों ने रखे विचार, 14 रचनाओं से सजी काव्य संध्या

राजस्थान हेड डॉ राम दयाल भाटी
राष्ट्रीय कवि चौपाल की 595वीं कड़ी का आयोजन “समय सत्य संचय से साहित्यकार से सरोकार-1” विषय को समर्पित रहा। कार्यक्रम में साहित्यकारों ने अपनी कविताओं और विचारों के माध्यम से सत्य, अहिंसा, दया, मानवता, प्रेम और सद्गुणों का संदेश दिया। कार्यक्रम में कुल 14 काव्य प्रस्तुतियां हुईं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सरदार अली परिहार ने की। मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय कवि शिवप्रकाश दाधीच बीकानेरी तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में साकिर पत्रकार और भवानी शंकर सुथार मंचासीन रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए रामेश्वर साधक ने अपने बौद्धिक वक्तव्य में कहा कि समय, सत्य और संचय जैसे तीनों सद्गुण यदि मनुष्य के हृदय में स्थापित हो जाएं तो गुणात्मक रूप से प्रभु का सान्निध्य स्वतः बढ़ता जाता है। उन्होंने साहित्यकारों से अपनी रचनाओं के माध्यम से सकारात्मक विचारों और मानवीय मूल्यों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम अध्यक्ष सरदार अली परिहार ने कहा कि समय, सत्य और संचय को लेकर सकारात्मक सोच साहित्यकार के जीवन को सार्थक बना सकती है। वहीं मुख्य अतिथि शिवप्रकाश दाधीच बीकानेरी ने अपनी काव्य प्रस्तुति के माध्यम से मानवता और संवेदनशीलता का संदेश देते हुए कहा—
“जिस दिन भूख से बड़ी इंसानियत हो जाएगी…”
उन्होंने चंदा और उसके दाग का उदाहरण देते हुए भी अपनी काव्य अभिव्यक्ति प्रस्तुत की।
विशिष्ट अतिथि साकिर पत्रकार ने कहा कि उत्कृष्ट रचना वही होती है, जो लोगों के होठों पर बस जाए और उनके मन तथा अंतर्मन को प्रसन्नता से भर दे।
काव्य धारा में मोहम्मद शकील गौरी ने अपनी राजस्थानी रचना के माध्यम से गौसेवा के लिए दान देने का संदेश दिया—
“थांरो भलो करे भगवान, देदो गायां खातर दान।”
राजकुमार ग्रोवर ने अपनी व्यंग्यात्मक रचना से श्रोताओं का मनोरंजन किया—
“मेरे घर पर लटका हुआ इक ताला, कुत्ता पड़ोसी चोर साला।”
सिराजुद्दीन भुट्टा ने प्रेम और संवेदनाओं को शब्द देते हुए कहा—
“ठोकरें लगे मुझको पर चोट दिल पर न लगे,
मैं सीख जाऊं मोहब्बत करने का हुनर।”
रामेश्वर साधक ने साहित्यकारों को संबोधित करते हुए अपनी रचना में कहा—
“हे साहित्यकारों… श्रोत्रिय-सितारों,
‘प्रभो-अनुकम्पा’ पर नाज करो।
सत्य समय संचय सद्गुणों से,
परम तत्व को प्रणाम करो।”
वहीं पवन चड्ढा ने अपनी प्रस्तुति में प्रार्थना और मन के विश्वास से जुड़े भाव व्यक्त किए।
कार्यक्रम के दौरान प्रस्तुत रचनाओं में सत्य, अहिंसा, दया, धर्म, प्रेम, मानवता और सामाजिक सरोकारों की झलक देखने को मिली। साहित्यकारों ने अपनी अभिव्यक्तियों के माध्यम से समाज को सकारात्मक दिशा देने का प्रयास किया।
इस अवसर पर घनश्याम सोलंकी, भवानी शंकर सुथार, भवानी सिंह शिवबाड़ी, मोहम्मद अली सहित अनेक गणमान्य साहित्यप्रेमी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का सफल संचालन रामेश्वर साधक ने किया, जबकि अंत में शिवप्रकाश दाधीच बीकानेरी ने सभी अतिथियों, कवियों एवं उपस्थित साहित्यप्रेमियों का आभार व्यक्त किया।

Subscribe to my channel


