उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़
बस्ती में मतदाता सूची पुनरीक्षण-2027 का कार्यक्रम जारी, 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक दर्ज कराएं दावे और आपत्तियां
जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना ने पात्र नागरिकों से मतदाता सूची में नाम जुड़वाने और त्रुटियों को ठीक कराने की अपील की

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 कराया जाएगा। इस संबंध में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना ने संशोधित कार्यक्रम जारी करते हुए जनपद के नागरिकों से मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने तथा पहले से दर्ज विवरणों में किसी भी प्रकार की त्रुटि को ठीक कराने की अपील की है।
जारी कार्यक्रम के अनुसार निर्वाचक नामावलियों के एकीकृत आलेख्य का प्रकाशन 17 नवंबर 2026 को किया जाएगा। इसके बाद 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक मतदाता सूची में नाम शामिल कराने, नाम हटवाने तथा अन्य संशोधनों के लिए दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा। वहीं, निर्वाचक नामावलियों का अंतिम प्रकाशन 04 जनवरी 2027 को होगा।
जिलाधिकारी ने बताया कि जिन पात्र नागरिकों का नाम अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं है, वे फार्म-6 भरकर संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ), निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी अथवा सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के पास जमा कर सकते हैं। मतदाता सूची में दर्ज नाम, पते एवं अन्य विवरणों में संशोधन, त्रुटि सुधार, फोटो पहचान पत्र के प्रतिस्थापन तथा दिव्यांग मतदाताओं के चिह्नांकन के लिए फार्म-8 भरना होगा। वहीं, मतदाता सूची से नाम हटवाने के लिए फार्म-7 के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है।
इन तारीखों पर चलेगा विशेष अभियान
मतदाता पंजीकरण को लेकर 21, 22, 28 एवं 29 नवंबर 2026 को जनपद के प्रत्येक मतदेय स्थल पर विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान बूथ लेवल अधिकारी अपने-अपने मतदेय स्थलों पर उपस्थित रहेंगे। मतदाता पंजीकरण एवं संशोधन के लिए फार्म-6, 7 और 8 पर्याप्त संख्या में उपलब्ध रहेंगे। आवेदन करने वाले पात्र नागरिकों को नवीनतम फोटो के साथ जन्मतिथि एवं पते से संबंधित आवश्यक दस्तावेज भी उपलब्ध कराने होंगे।
इन नंबरों पर प्राप्त करें जानकारी
निर्वाचक नामावली से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी अथवा सहायता के लिए नागरिक जिला निर्वाचन कार्यालय के दूरभाष नंबर 05542-246810, मोबाइल नंबर 9454418055 अथवा टोल फ्री नंबर 1950 पर संपर्क कर सकते हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित समयावधि में मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांच लें और आवश्यकतानुसार आवेदन कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।
Subscribe to my channel


