उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़
छठ पूजा को लेकर प्रशासन अलर्ट, मंडलायुक्त और डीआईजी ने अमहट घाट का किया निरीक्षण

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 15 नवंबर 2026।
छठ पूजा पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। इसी क्रम में मंडलायुक्त वैभव श्रीवास्तव, पुलिस उपमहानिरीक्षक संजीव त्यागी, जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना एवं पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने रविवार को अमहट घाट सहित नगर बाजार क्षेत्र का भ्रमण कर छठ पूजा की तैयारियों एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, बैरिकेडिंग, आवागमन तथा श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। साथ ही संबंधित अधिकारियों से तैयारियों की जानकारी लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मंडलायुक्त वैभव श्रीवास्तव ने निर्देश दिया कि छठ पूजा के दौरान घाटों पर आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। घाटों पर साफ-सफाई एवं पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। जल में उतरने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग सहित सभी आवश्यक इंतजाम दुरुस्त रखे जाएं। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।
वहीं, पुलिस उपमहानिरीक्षक संजीव त्यागी ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने घाटों एवं नगर क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, भीड़ प्रबंधन तथा यातायात व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने पर जोर दिया।
जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना ने संबंधित अधिकारियों को घाटों पर स्वच्छता, प्रकाश, चिकित्सा एवं अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए संबंधित टीमें पूरी तरह अलर्ट रहें। पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने पुलिसकर्मियों को सतर्कता के साथ ड्यूटी करने और श्रद्धालुओं के साथ सहयोगात्मक व्यवहार रखने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने कहा कि छठ पूजा आस्था एवं लोक संस्कृति से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। इसे शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल, अपर जिलाधिकारी ज्ञान चन्द्र गुप्ता, सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी सदर सुश्री मानसी दहिया, मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती, अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकान्त, उप जिलाधिकारी प्रमोद कुमार, उमाकान्त तिवारी, राजेश यादव, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी अंगद गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Subscribe to my channel


