उत्तर प्रदेशधर्मबस्तीब्रेकिंग न्यूज़
छठ पूजा को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम और एसपी ने अधिकारियों के साथ की बैठक, घाटों पर सुरक्षा और सुविधाएं दुरुस्त करने के निर्देश

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती। छठ पूजा पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शनिवार, 14 नवंबर 2026 को जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना एवं पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, घाटों पर मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि छठ पर्व को देखते हुए सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएं, ताकि व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि छठ पूजा आस्था, श्रद्धा और लोक संस्कृति से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु नदियों, तालाबों एवं अन्य जलाशयों के किनारे एकत्रित होते हैं। ऐसे में घाटों पर साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, बैरिकेडिंग और आवागमन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने नगर निकाय एवं संबंधित विभागों को घाटों की नियमित सफाई कराने तथा कूड़ा निस्तारण की उचित व्यवस्था रखने के निर्देश दिए। साथ ही घाटों तक जाने वाले रास्तों को दुरुस्त कराने और अधिक भीड़ वाले घाटों पर विशेष सतर्कता बरतने को कहा।
उन्होंने जलाशयों में सुरक्षा के दृष्टिगत बैरिकेडिंग, गोताखोरों एवं बचाव दल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा और सुविधा का विशेष ध्यान रखने पर भी जोर दिया। अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में घाटों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेने तथा कमियों को तत्काल दूर कराने के निर्देश दिए गए।
पुलिस बल की रहेगी पर्याप्त तैनाती
पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि छठ पूजा के दौरान सभी प्रमुख घाटों एवं संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए। भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाए। घाटों पर अराजक तत्वों एवं असामाजिक गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जाए।
उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान सभी पुलिसकर्मी पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी करें, जिससे श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण वातावरण मिल सके।
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल, अपर जिलाधिकारी ज्ञान चंद्र गुप्ता, मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट नौशीन सिद्दीकी, सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी सदर मानसी दहिया, अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत, जिला विकास अधिकारी सुशील कुमार श्रीवास्तव, पीडी आनंद कुमार गुप्ता, उप जिलाधिकारी प्रमोद कुमार, उमाकांत तिवारी, प्रद्युम्न कुमार, हिमांशु कुमार, रश्मि यादव, राजेश यादव, अग्निशमन अधिकारी रमेश चंद, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी संजीव कुमार, एसई विद्युत मोहम्मद खालिद, ईओ नगर पालिका अंगद गुप्ता, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी अरुण कुमार गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए छठ पूजा को सुरक्षित, व्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।

Subscribe to my channel


