जम्मू कश्मीरपुंछब्रेकिंग न्यूज़

मेंढर में ट्रैफिक पुलिस की बड़ी कार्रवाई, कई वाहनों के काटे चालान

ओवरलोडिंग, नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने और वैध दस्तावेजों के बिना वाहन संचालन पर पुलिस सख्त, ई-रिक्शा चालकों को दी कड़ी चेतावनी

 

ब्यूरो चीफ राजेश कुमार, पुंछ

मेंढर (पुंछ)। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने, यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और ट्रैफिक नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मंगलवार को ट्रैफिक पुलिस ने उपमंडल मेंढर में विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले कई वाहनों के चालान काटे गए।

यह अभियान डीएसपी ट्रैफिक राजौरी-पुंछ रेंज के निर्देशों पर एसओ ट्रैफिक पुलिस महमूद खान मनहास की देखरेख एवं नेतृत्व में चलाया गया। अभियान के तहत मेंढर के विभिन्न स्थानों पर वाहनों की जांच की गई। विशेष रूप से ई-रिक्शा, ऑटो-रिक्शा सहित छोटे और भारी वाहनों की जांच पर ध्यान केंद्रित किया गया।

जांच के दौरान ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों को निर्देश दिए कि वे अपने वाहनों के सभी आवश्यक दस्तावेज, जैसे ड्राइविंग लाइसेंस, रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट, इंश्योरेंस सहित अन्य जरूरी कागजात वैध और पूरे रखें। इसके साथ ही यात्रियों को निर्धारित क्षमता से अधिक बैठाने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने से बचने की हिदायत दी गई।

अभियान के दौरान नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने के मामलों को लेकर भी विशेष सख्ती दिखाई गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि किसी भी नाबालिग को ई-रिक्शा, ऑटो-रिक्शा या अन्य कोई वाहन चलाने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए। बिना वैध दस्तावेजों के वाहन चलाने और नाबालिगों को वाहन चलाने देने वालों के खिलाफ कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

इस अवसर पर एसओ ट्रैफिक महमूद खान मनहास ने वाहन मालिकों से अपील की कि वे अपनी जिम्मेदारी समझें और सुनिश्चित करें कि उनके वाहन केवल वैध लाइसेंस रखने वाले योग्य चालक ही चलाएं। उन्होंने अभिभावकों से भी आग्रह किया कि वे अपने नाबालिग बच्चों को किसी भी परिस्थिति में वाहन चलाने की अनुमति न दें, क्योंकि ऐसी लापरवाही किसी की जान के लिए खतरा बन सकती है।

उन्होंने कहा कि ट्रैफिक नियमों का पालन केवल चालान और जुर्माने से बचने के लिए नहीं, बल्कि अनमोल मानव जीवन की सुरक्षा और सड़क पर अनुशासन बनाए रखने के लिए जरूरी है। उन्होंने वाहन चालकों से सावधानी, धैर्य और जिम्मेदारी के साथ वाहन चलाने की अपील की।

एसओ ट्रैफिक ने स्पष्ट किया कि वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशानुसार मेंढर में आगे भी विशेष जांच अभियान जारी रहेंगे और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इस अभियान का मुख्य उद्देश्य मेंढर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाना, ओवरलोडिंग एवं नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने पर रोक लगाना, वाहनों के आवश्यक दस्तावेजों की जांच सुनिश्चित करना और आम जनता के लिए सुरक्षित सड़क वातावरण तैयार करना है।

Rajesh Kumar

Rajesh kumar Beauro Chief Poonch district (Jammu Kashmir) Mobile number 9596747051

Rajesh Kumar

Rajesh kumar Beauro Chief Poonch district (Jammu Kashmir) Mobile number 9596747051

Related Articles

Back to top button