उत्तर प्रदेशदेशधर्मबस्तीब्रेकिंग न्यूज़
गोवर्धन पूजा प्रकृति, गौमाता और अन्न के प्रति कृतज्ञता का पर्व : प्रो. डॉ. नवीन सिंह
भगवान श्रीकृष्ण ने गोवर्धन पर्वत की पूजा के माध्यम से दिया प्रकृति संरक्षण, पर्यावरण संतुलन और सामूहिक एकता का संदेश

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती। गोवर्धन पूजा भारतीय सनातन संस्कृति का एक महत्वपूर्ण पर्व है। दीपावली के अगले दिन मनाया जाने वाला यह पर्व भगवान श्रीकृष्ण की गोवर्धन लीला से जुड़ा है। धार्मिक मान्यता के अनुसार भगवान श्रीकृष्ण ने ब्रजवासियों को इंद्र की पूजा के स्थान पर गोवर्धन पर्वत, प्रकृति और गौवंश के संरक्षण का महत्व समझाया था। जब इंद्र ने मूसलाधार वर्षा की, तब श्रीकृष्ण ने अपनी कनिष्ठा अंगुली पर गोवर्धन पर्वत उठाकर ब्रजवासियों और गौमाता की रक्षा की थी।
प्रो. डॉ. नवीन सिंह ने बताया कि गोवर्धन पूजा केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का पर्व है। यह हमें सिखाता है कि पर्वत, वन, जल, मिट्टी, पशु-पक्षी और पर्यावरण मानव जीवन के आधार हैं। इनका संरक्षण करना हम सभी का नैतिक दायित्व है।
उन्होंने कहा कि इस दिन गोबर से गोवर्धन पर्वत की आकृति बनाकर पूजा की जाती है तथा अन्नकूट का भोग लगाया जाता है। गौमाता की सेवा और पूजा का भी विशेष महत्व है। यह पर्व हमें अन्न का सम्मान, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक सद्भाव और सामूहिक सहयोग की प्रेरणा देता है।
उन्होंने सभी से प्रकृति, गौवंश और पर्यावरण की रक्षा करने तथा भारतीय संस्कृति के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने की अपील की।

Subscribe to my channel


