उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़
बस्ती में दीपावली से पहले प्रशासन अलर्ट, डीएम और एसपी ने पटाखा बिक्री स्थल का किया निरीक्षण
कंपनी बाग से जीआईसी परिसर तक अधिकारियों ने किया पैदल मार्च, सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने के दिए निर्देश

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती। धनतेरस एवं दीपावली पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में शुक्रवार, 06 नवंबर 2026 को जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना एवं पुलिस अधीक्षक श्री ओमवीर सिंह ने शहर के कंपनी बाग, गांधी नगर होते हुए राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) परिसर स्थित पटाखा बिक्री स्थल का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पटाखा दुकानों पर सुरक्षा व्यवस्था, अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता, विद्युत सुरक्षा तथा आवागमन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि पटाखा बिक्री स्थल पर निर्धारित सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराया जाए। दुकानों के बीच पर्याप्त दूरी रखी जाए तथा प्रत्येक दुकान पर पानी, बालू और अग्निशमन उपकरणों की अनिवार्य व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि पटाखा बिक्री स्थल पर अग्निशमन विभाग की गाड़ियां अलर्ट मोड में रहें, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तत्काल निपटा जा सके। इसके साथ ही विद्युत तारों एवं अस्थायी बिजली कनेक्शनों की भी जांच कराई जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आमजन की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
वहीं, पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सतर्कता के साथ ड्यूटी करने, भीड़ नियंत्रण, सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दीपावली पर्व के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है।
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल, अपर जिलाधिकारी ज्ञानचन्द्र गुप्ता, मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती, अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकान्त, उप जिलाधिकारी प्रमोद कुमार, राजेश यादव, अहमद फरीद खान, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी अंगद गुप्ता, मुख्य अग्निशमन अधिकारी तथा विद्युत विभाग के संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के क्रम में अधिकारियों ने कंपनी बाग से जीआईसी परिसर स्थित पटाखा बिक्री स्थल तक पैदल मार्च भी किया और सुरक्षा एवं व्यवस्था का जायजा लिया। प्रशासन ने पर्व के दौरान आमजन से भी सावधानी बरतने तथा निर्धारित सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है।

Subscribe to my channel


