बीकानेरब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानशिक्षा

बीटीयू का पांचवां दीक्षांत समारोह 7 जनवरी को, 3596 विद्यार्थियों को मिलेगी डिग्री; 26 गोल्ड मेडल भी होंगे प्रदान

राजस्थान हेड डॉ राम दयाल भाटी

*बीटीयू का पांचवां दीक्षांत समारोह 7 जनवरी को, 3596 विद्यार्थियों को मिलेगी डिग्री; 26 गोल्ड मेडल भी होंगे प्रदान*

*राज्यपाल हरिभाऊ किशनराव बागडे करेंगे समारोह की अध्यक्षता, 208 मेधावी विद्यार्थियों को मिलेगा सर्टिफिकेट ऑफ मेरिट*

*वर्षों बाद भी डिग्री पूरी करने का मिलेगा मौका, बीटीयू ने दिया वन टाइम मर्सी चांस*

*बीटीयू के पांचवें दीक्षांत समारोह की तैयारियां तेज, 13 समितियां संभालेंगी दीक्षांत समारोह की जिम्मेदारी, विश्वविद्यालय परिसर में होगा आयोजन*

बीकानेर। बीकानेर तकनीकी विश्वविद्यालय का पांचवां दीक्षांत समारोह 7 जनवरी 2027 को विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित किया जाएगा। समारोह की अध्यक्षता राजस्थान के राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति हरिभाऊ किशनराव बागडे करेंगे। विश्वविद्यालय की 17वीं अकादमिक काउंसिल की बैठक में पांचवें दीक्षांत समारोह में प्रदान की जाने वाली डिग्रियों, स्वर्ण पदकों और मेधावी विद्यार्थियों को दिए जाने वाले सर्टिफिकेट ऑफ मेरिट का अनुमोदन कर दिया गया। इस बार विभिन्न संकायों के कुल 3596 विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान की जाएंगी। वहीं 26 विद्यार्थियों को गोल्ड मेडल से सम्मानित किया जाएगा।

*चार संकायों के विद्यार्थियों को मिलेगी डिग्री*

पांचवें दीक्षांत समारोह में इंजीनियरिंग एंड डिजाइन, मैनेजमेंट, कंप्यूटर एप्लीकेशन तथा पीएचडी श्रेणी के विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की जाएंगी। इंजीनियरिंग एंड डिजाइन संकाय के 2908 विद्यार्थियों में 19 बी.डिजाइन, 2843 बीटेक और 46 एमटेक के विद्यार्थी शामिल हैं। मैनेजमेंट संकाय के 452 एमबीए, कंप्यूटर एप्लीकेशन के 225 एमसीए तथा 11 शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधि प्रदान की जाएगी। इस प्रकार कुल 3596 डिग्रियों का वितरण होगा।

*26 गोल्ड मेडल और 208 मेधावी विद्यार्थियों को मिलेगा सम्मान*

दीक्षांत समारोह में शैक्षणिक उत्कृष्टता हासिल करने वाले विद्यार्थियों को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा। कुल 26 गोल्ड मेडल का अनुमोदन किया गया है। इनमें इंजीनियरिंग एंड डिजाइन के 21, मैनेजमेंट के 3, कंप्यूटर एप्लीकेशन का 1 तथा मास्टर ऑफ टेक्नोलॉजी का 1 गोल्ड मेडल शामिल है। इसके अतिरिक्त विभिन्न पाठ्यक्रमों के 208 मेधावी विद्यार्थियों को सर्टिफिकेट ऑफ मेरिट प्रदान किए जाएंगे। अकादमिक काउंसिल ने इन सभी गोल्ड मेडल और मेरिट प्रमाणपत्रों के वितरण को भी मंजूरी प्रदान की है।

*पिछले चार दीक्षांत समारोहों में 12,821 डिग्रियां बांट चुका है विश्वविद्यालय*

बीकानेर तकनीकी विश्वविद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों का सफर पिछले चार दीक्षांत समारोहों के आंकड़ों से भी स्पष्ट होता है। प्रथम दीक्षांत समारोह में 2182, द्वितीय में 3171, तृतीय में 4080 और चतुर्थ दीक्षांत समारोह में 3388 डिग्रियां प्रदान की गई थीं। इस प्रकार चार दीक्षांत समारोहों में कुल 12,821 डिग्रियों का वितरण किया जा चुका है। अब पांचवें दीक्षांत समारोह की 3596 डिग्रियों को शामिल करने पर यह आंकड़ा बढ़कर 16,417 हो जाएगा। वहीं पहले चार समारोहों में क्रमशः 17, 20, 27 और 23 गोल्ड मेडल प्रदान किए गए थे। पांचवें समारोह के 26 गोल्ड मेडल को मिलाकर विश्वविद्यालय अब तक 113 गोल्ड मेडल प्रदान कर चुका होगा।

*अधिकतम समय सीमा में डिग्री पूरी नहीं कर सके विद्यार्थियों को मिलेगा मर्सी चांस*

विद्यार्थियों के हित में एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए विश्वविद्यालय ने उन विद्यार्थियों को वन टाइम मर्सी चांस देने का प्रावधान किया है, जो निर्धारित अधिकतम समय सीमा के भीतर अपनी डिग्री पूरी नहीं कर सके। ऐसे विद्यार्थियों को अपनी अधूरी डिग्री पूरी करने के लिए एक वर्ष का अतिरिक्त अवसर दिया जाएगा। इस निर्णय से लंबे समय से डिग्री पूरी करने का इंतजार कर रहे विद्यार्थियों को राहत मिलेगी। हालांकि, इसका लाभ विश्वविद्यालय द्वारा निर्धारित पात्रता, शर्तों एवं परीक्षा संबंधी नियमों के अनुसार मिलेगा।

*13 समितियां संभालेंगी आयोजन की जिम्मेदारी, तैयारियां तेज*

दीक्षांत समारोह को भव्य एवं व्यवस्थित रूप से आयोजित करने के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन ने 13 अलग-अलग समितियों का गठन किया है। कुलगुरु प्रो. अखिल रंजन गर्ग की अध्यक्षता में समितियों के अध्यक्षों की बैठक आयोजित कर उन्हें आयोजन से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। समारोह विश्वविद्यालय परिसर में ही आयोजित होगा। विश्वविद्यालय प्रशासन ने समारोह की व्यवस्थाओं, अतिथियों के स्वागत, विद्यार्थियों के पंजीकरण, उपाधि वितरण तथा अन्य आवश्यक तैयारियों को लेकर कार्य शुरू कर दिया है। पांचवां दीक्षांत समारोह विश्वविद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों, शोध कार्यों और विद्यार्थियों की प्रतिभा को राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण अवसर होगा।

Dr Ram Dayal Bhati

Editor Rajasthan Mobile Number 97848 14914

Dr Ram Dayal Bhati

Editor Rajasthan Mobile Number 97848 14914

Related Articles

Back to top button