बीकानेरब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानशिक्षा
बीकानेर गोल्डन आर्ट एकेडमी में पारंपरिक ‘मथेरण चित्रकला’ कार्यशाला का आयोजन; दीपावली पर तैयार किए गए लक्ष्मी पाना

राजस्थान हेड डॉ राम दयाल भाटी
बीकानेर। दीपावली के पावन अवसर पर बीकानेर गोल्डन आर्ट एकेडमी में बीकानेर की सुप्रसिद्ध पारंपरिक ‘मथेरण चित्रकला शैली’ पर आधारित विशेष प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। जन शिक्षण संस्थान के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यशाला के प्रथम चरण में प्रशिक्षुओं को दीपावली पूजन के लिए पारंपरिक ‘लक्ष्मी पाना’ तैयार करना सिखाया गया।
चित्रकार राम कुमार भादानी के मार्गदर्शन में आयोजित इस सत्र में विद्यार्थियों को मथेरण कला की बारीकियों से अवगत कराया गया। चित्रकार भादानी ने प्रतिभागियों को पारंपरिक प्राकृतिक रंगों (रंगत) को तैयार करने और उनके सही उपयोग के तरीकों की विस्तृत जानकारी दी।
कार्यशाला की विशेषता यह रही कि इसमें विद्यार्थियों को आधुनिक ड्राइंग शीट के साथ-साथ पारंपरिक भोजपत्र, पुरानी बहियों के पन्नों और ‘वसली पेपर’ पर भी चित्रांकन का अभ्यास करवाया गया। इस प्रशिक्षण शिविर में लगभग 20 विद्यार्थी उत्साहपूर्वक भाग लेकर बीकानेर की इस विरासत कला को सहेजने और सीखने का प्रयास कर रहे हैं।
एकेडमी और जन शिक्षण संस्थान के इस संयुक्त प्रयास का मुख्य उद्देश्य नई पीढ़ी को लुप्त होती पारंपरिक हस्तकलाओं से जोड़ना और उन्हें स्वरोजगार के लिए प्रेरित करना है।

Subscribe to my channel


